वानिंदु हसरंगा (5/18) की घातक गेंदबाजी और कप्तान फाफ डु प्लेसिस (नाबाद 73) की शानदार बल्लेबाजी की वजह से यहां वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल 2022 के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 67 रनों से मात दी। बैंगलोर के 192 रनों के जवाब में हैदराबाद 19.2 ओवरों में 125 रनों पर ही ढेर हो गई। टीम की ओर से राहुल त्रिपाठी (58) और एडेन मार्करम (21) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। बैंगलोर की ओर से वानिंदु हसरंगा ने पांच सफलताएं लीं। वहीं, जोस हेजलवुड ने दो विकेट लिए। ग्लेन मैक्सवेल और हर्षल पटेल ने एक-एक विकेट लिया।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को पहले ही ओवर में दो झटके लगे, जहां मैक्सवेल ने अभिषेक शर्मा (0) को बोल्ड कर दिया। वहीं, कप्तान केन विलियमसन बदकिस्मत रहे, क्योंकि वह बिना गेंद खेले ही रन आउट हो गए। इसके बाद, राहुल त्रिपाठी और एडेन मार्करम ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 36 रन जोड़े। लेकिन 9वें ओवर में हसरंगा की गेंद पर मार्करम (21) विराट कोहली को कैच थमा बैेठे, जिससे उनके और त्रिपाठी के बीच 45 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी का अंत हो गया।

पांचवें नंबर पर आए निकोलस पूरन ने त्रिपाठी के साथ मिलकर धुआंधार बल्लेबाजी की, जिससे 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 89 रन पहुंच गया। लेकिन जीतने के लिए अभी भी 104 रनों की जरूरत थी। इसके बाद, 13वें ओवर में पूरन (19) हसरंगा द्वारा आउट करने के बाद लगातार विकेट गिरते चले गए।

दूसरे छोर पर त्रिपाठी रन बनाते हुए 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन हंसरगा ने सुचित (2) को पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में हेजलवुड ने त्रिपाठी (58) और कार्तिक त्यागी (0) को आउट कर हैदराबाद की आखिरी उम्मीद पर भी पानी फेर दिया, क्योंकि 15.5 ओवर में हैदराबाद ने सात विकेट खोकर 114 रन जोड़े, जीतने के लिए अभी भी 79 रन चाहिए थे।

इसके बाद, 17वें ओवर में हसरंगा ने लगातार गेंदों पर शशांक सिंह (8) और उमरान मलिक (0) को आउट कर पांच विकेट हासिल कर लिया। 20वां ओवर डालने आए हर्षल ने भुवनेश्वर (8) को आउट कर हैदराबाद को 125 रनों पर ही समेट दिया, जिससे बैंगलोर ने 67 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। यह बैंगलोर की सीजन में सातवीं जीत है।

Advertisement

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर को मैच की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज विराट कोहली के रूप में झटका लगा, जब वह बिना खाता खोले सुचित की गेंद पर कैच आउट हो गए। इस बीच, कप्तान फाफ डु प्लेसिस और रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 47 रन जोड़े।

इसके बाद, कप्तान डु प्लेसिस ने चौका मारकर 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 13वें ओवर में सुचित की गेंद पर पाटीदार (48) कैच आउट हो गए। साथ ही उनके और कप्तान के बीच 73 गेंदों में 105 रनों की साझेदारी का भी अंत हो गया।

आखिरी के कुछ ओवरों में हैदराबाद के गेंदबाजों ने वापसी करने की कोशिश की, जहां दोनों बल्लेबाज रन बनाने में संघर्ष करते दिखाई दे रहे थे। 19वां ओवर फेंकने आए त्यागी ने मैक्सवेल (33) को चलता किया। इसके साथ ही कप्तान डु प्लेसिस और मैक्सवेल के बीच 37 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी समाप्त हो गई।

Advertisement

मैच का आखिरी ओवर डालने आए फारूकी की गेंदों पर कार्तिक ने लगातार तीन छक्के और एक चौका लगाया, जिससे बैंगलोर का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 192 रन पर पहुंच गया। कप्तान डु प्लेसिस 50 गेंदों में 73 रन और कार्तिक 8 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे। हैदराबाद की ओर से जगदीश सुचित ने दो विकेट झटके। वहीं, कार्तिक त्यागी ने एक विकेट लिया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार