भारतीय स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान उन्होंने एक फैन से हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। मैदान के बाहर उनका यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जितने के बाद हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर कई यादगार पल देखने को मिले, लेकिन अर्शदीप सिंह का एक मजेदार अंदाज सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान एक फैन, जो एक कलाकार भी था, अर्शदीप सिंह के पास उनका ऑटोग्राफ लेने पहुंचा। वह अपने साथ अर्शदीप का बनाया हुआ एक स्केच भी लेकर आया था। जब अर्शदीप उस स्केच पर साइन कर रहे थे, तो फैन ने मजाकिया अंदाज में पूछा, “मस्त है ना, बताओ?”
इस पर अर्शदीप ने भी हंसते हुए जवाब दिया, “इसे थोड़ा खाना-वाना खिलाओ, थोड़ा बड़ा करो, काफी कमजोर लग रहा है ये।” उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। यह मजेदार पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
क्रिकेट की बात करें तो अर्शदीप सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 8 मैचों में 9 विकेट हासिल किए और अपनी गेंदबाजी से टीम की सफलता में लगातार योगदान दिया। अर्शदीप एक बार फिर जल्द ही एक्शन में नजर आने वाले हैं। 28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज हो रहा है और अर्शदीप इस बार भी अपनी टीम पंजाब किंग्स के लिए खेलते दिखेंगे। पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने होमग्राउंड मुल्लांपुर में करेगी और टीम की नजरें जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने पर होंगी।