नई दिल्ली, 2 सितम्बर | भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय और कुल 44वें गेंदबाज बन गए हैं। बुमराह ने किंग्सटन के सबीना पार्क मैदान पर वेस्टइंडीज के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को लगातार गेंदों पर तीन विकेट लेकर यह मुकाम हासिल किया। 

Advertisement

भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी मेजबान टीम ने जॉन कैम्पबेल (2) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया।

Advertisement

यह विकेट कैरेबियाई टीम की पारी के सातवें ओवर की चौथी गेंद पर गिरा। उस समय मेजबान टीम का स्कोर 9 रन था।

इसके बाद बुमराह ने पारी के नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर डारेन ब्रावो (4) को स्लिप में लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। उस समय कुल योग 13 रन था।

इसी योग पर बुमराह ने दो लगातार विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की। बुमराह ने नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर शामार ब्रूक्स (0) को पगबाधा किया और फिर अगली गेंद पर रोस्टन चेज को पगबाधा आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

मैच के बाद बुमराह ने कहा कि वह चेज के पगबाधा आउट होने को लेकर आश्वस्त नहीं थे क्योंकि उन्हें लगा था कि गेंद उनके बल्ले से टकराई है लेकिन कप्तान कोहली ने उपकप्तान अजिंक्य रहाणे से सलाह के बाद रिव्यू लिया, जिस पर चेज आउट करार दिए गए।

Advertisement

बुमराह ने दिन की समाप्ति 16 रनों पर छह विकेट लेकर किया और मेजबान टीम भारत की पहली पारी के स्कोर 416 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी में 87 रनों पर सात विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही है।

भारत के लिए मोहम्मद समी ने भी एक विकेट लिया।

बुमराह टेस्ट मैचों में हैट्रिक लेने वाले तीसरे भारतीय हैं। बुमराह के अलावा हरभजन सिंह ने साल 2000 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता टेस्ट मैच रिकी पोंटिंग, एडम गिलक्रिस्ट और शेन वार्न को आउट करते हुए हैट्रिक पूरी की थी। वह भारत के लिए पहली टेस्ट हैट्रिक थी।

Advertisement

इसके बाद 2005 में इरफान पठान ने कराची टेस्ट मैच में पाकिस्तान के खिलाफ सलमान बट्ट, यूनिस खान और मोहम्मद यूसुफ को आउट कर हैट्रिक पूरी की। अगली हैट्रिक के लिए हालांकि भारत को 14 साल का इंतजार करना पड़ा।

बुमराह की हैट्रिक टेस्ट इतिहास की 44वीं हैट्रिक है। साल 2017 में इंग्लैंड के मोइन अली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक पूरी की थी और अब जाकर बुमराह ने अगली हैट्रिक पूरी की है।

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार