हैमिल्टन, 5 फरवरी| श्रेयस अय्यर के करियर के पहले शतक के अलावा कप्तान विराट कोहली और लोकेश राहुल के अर्धशतकों के दम पर भारत ने बुधवार को यहां सेडन पार्क मैदान पर खेले जा रहे पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड के सामने 348 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। अय्यर ने मुश्किल समय में आते हुए कप्तान के साथ बेहतरीन साझेदारी की और 107 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली। कप्तान कोहली ने उनका अच्छा साथ देते हुए 51 और राहुल ने नाबाद 88 रन बना भारत को 50 ओवरों में चार विकेट पर 347 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।

Advertisement

केन विलियम्सन की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड की कप्तानी कर रहे टॉम लाथम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया।

Advertisement

भारत की ओर से नई सलामी जोड़ी पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल पदार्पण कर रहे थे। पृथ्वी ने जहां 20 रन बनाए तो मयंक ने 32 रन। दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़ टीम को सधी हुई शुरूआत दी।

पृथ्वी अपने पहले वनडे में शुरूआत में गेंद को बल्ले के बीचों बीच ले नहीं पा रहे थे। विकेट पर कुछ देर टिकने के बाद उन्होंने लय हासिल करते हुए तीन शानदार चौके लगाए। इसी बीच लाथम ने विकेट लेने के लिए गेंदबाजी में बदलाव किया। कोलिन डी ग्रैंडहोम आए और अपने पहले ही ओवर में पृथ्वी का विकेट ले गए। पृथ्वी का कैच विकेटकीपर लाथम ने पकड़ा।

मयंक को टिम साउदी अपनी आउटस्विंगर से शुरू से ही परेशान कर रहे थे और ऐसी ही एक बाहर जाती छोटी गेंद पर मयंक ने कट खेला जो टॉम ब्लंडल ने पकड़ा। मयंक ने 31 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए।

इसके बाद कप्तान कोहली और अय्यर ने कीवी गेंदबाजों के लिए मुश्किल पैदा कर दी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों के रन करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो रही थी।

Advertisement

कोहली ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके तुरंत बाद कोहली लेग स्पिनर ईश सोढ़ी की गुगली को पढ़ नहीं पाए जो उनका विकेट ले गई। कप्तान का विकेट 156 के कुल स्कोर पर गिरा। कोहली ने अपनी पारी में 63 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके मारे।

अय्यर पर कोहली के जाने के असर नहीं पड़ा। वह अपना खेल खेलते रहे। राहुल उनका अच्छा साथ दे रहे थे। अय्यर ने आसानी से अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। लेकिन शतक पूरा करने के बाद वह साउदी की गेंद पर आउट हो गए। अय्यर 292 के कुल स्कोर पर आउट हुए। अय्यर और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 136 रन जोड़े।

अय्यर के बाद राहुल और केदार जाधव ने तेजी से रन बना भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। राहुल ने अपनी नाबाद पारी में 64 गेंदों खेलीं जिनमें तीन पर चौके और चार पर छक्के लगाए। जाधव ने 15 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाए।

Advertisement

न्यूजीलैंड के लिए साउदी ने दो विकेट लिए। सोढ़ी और डी ग्रैंडहोम के हिस्से एक विकेट आया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार