इंग्लैंड के युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल (Jacob Bethell) घुटने की चोट के कारण 'द हंड्रेड' (The Hundred) से बाहर हो गए हैं। साथ ही, पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज़ में उनके खेलने पर भी संदेह बना हुआ है, जो 19 अगस्त से शुरू होगी।
हाल ही में भारत के खिलाफ हुई वनडे सीरीज के दौरान बेथेल के दाहिने घुटने में चोट लग गई थी। सोमवार सुबह एमआर स्कैन के बाद उन्होंने 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। हालांकि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने यह साफ नहीं किया है कि उन्हें ठीक होने में कितना समय लगेगा।
इंग्लैंड क्रिकेट की ओर से जारी बयान में कहा गया, "दाहिने घुटने में चोट के कारण जैकब बेथेल 'द हंड्रेड' से बाहर हो गए हैं। बेथेल को वनडे सीरीज़ के दौरान चोट लगी थी और कल सुबह उनका एमआरआई स्कैन हुआ। वह अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे और हम समय आने पर जानकारी देंगे।"
यह चोट बेथेल के लिए एक बड़ा झटका है, जिन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने उन्हें इस सीजन से रिटेन किया था और उन्हें कप्तानी भी सौंपी।
फ्रैंचाइज़ी के जारी किए गए बयान में बेथेल ने कहा: "हंड्रेड में न खेल पाना निराशाजनक है, खासकर तब जब मुझे बर्मिंघम फीनिक्स के लिए एजबेस्टन में अपने फैंस के सामने खेलना था। दुर्भाग्य से, मुझे पूरी तरह फिट होने के लिए समय चाहिए। अब मेरा ध्यान अपने रिहैबिलिटेशन को पूरा करने और पूरी तरह फिट होकर वापसी करने पर है।"
बता दें कि बेथेल ने भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 इंटरनेशनल में 76 रन की विजयी पारी खेली थी। इसके अलावा वह भारत के खिलाफ निर्णायक वनडे में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। बल्लेबाजी में 91 रन की पारी के बाद उन्होंने गेंदबाजी में 49 रन देकर 1 विकेट लिया था।
Also Read: LIVE Cricket Score
फीनिक्स शुक्रवार रात को सीज़न के अपने पहले मैच में ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ खेलेगी और उसने साउथ अफ्रीका के डोनोवन फरेरा को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है।