अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। ये वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब सूर्यकुमार यादव के टीम इंडिया के टी-20I कप्तान के तौर पर भविष्य के बारे में बात की जा रही है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि BCCI आने वाली आयरलैंड सीरीज़ से पहले एक नया कप्तान नियुक्त कर सकता है।
भारत की टी-20I कप्तानी को लेकर अटकलें तेज़ होने के बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। इन अटकलों में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन का नाम इस भूमिका के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में, जय शाह को सूर्यकुमार यादव से ये कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने 2028 के ओलंपिक तक उनके साथ मिलकर योजना बनाई थी और उनका कहना था कि सूर्या को कप्तान के रूप में 2036 तक का प्लान करना चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जय शाह कह रहे हैं, "जब मैं BCCI में था, तो मैंने 2028 के ओलंपिक तक तुम्हारे साथ मिलकर योजना बनाई थी। लेकिन अब मैं तुमसे कह रहा हूं कि तुम्हें 2030 में भी अच्छा प्रदर्शन करना है, 2032 में भी और तुम्हें 2036 के लिए भी योजना बनानी चाहिए।"
कुछ फैंस कह रहे हैं कि सूर्यकुमार यादव को जय शाह कप्तानी से नहीं हटने देंगे जबकि कुछ और फैंस भी कई मज़ेदार रिएक्शन्स दे रहे हैं। हालांकि, BCCI या चयनकर्ताओं की ओर से सूर्यकुमार यादव को हटाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालिया मीडिया रिपोर्टों में ये बताया गया है कि चयनकर्ता टी-20I टीम के लिए एक नए कप्तान पर विचार कर रहे है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इन रिपोर्ट्स में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन कप्तानी के लिए सबसे मज़बूत दावेदार के तौर पर उभरे हैं, जबकि तिलक वर्मा का नाम भी एक संभावित विकल्प के तौर पर लिया गया है। हालांकि, कप्तानी के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। जब तक BCCI आयरलैंड सीरीज़ या भविष्य के टी-20I मैचों के लिए किसी कप्तान के नाम की घोषणा नहीं कर देता, तब तक स्थिति अटकलों से भरी रहेगी।