इंग्लैंड महिला 'ए' टीम के भारत दौरे से पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। सरे की विकेटकीपर-बल्लेबाज जेमिमा स्पेंस बाएं घुटने में चोट लगने के कारण इस दौरे से बाहर हो गई हैं। उनके स्थान पर विकेटकीपर-बल्लेबाज एली थ्रेलकेल्ड को टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने शुक्रवार को चोट के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "फील्डिंग सेशन के दौरान जेमिमा के बाएं घुटने में चोट लग गई। स्कैन के बाद पुष्टि हुई कि वह अब इस दौरे में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगी।"

जेमिमा अब अपने घर वापस लौट गई हैं। उनके रिप्लेसमेंट की पुष्टि करते हुए ईसीबी ने कहा, "लंकाशायर की एली थ्रेलकेल्ड को दौरे के टी20 चरण के लिए बुलाया गया है और वह तय समय से पहले ही टीम के साथ जुड़ गई हैं। स्पेंस का 'किया ओवल' में वापस स्वागत होगा, जहां सरे की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर नजर रखेगी।"

एली जुलाई में भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थीं, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सकीं। नौ साल की उम्र से ही एली लिवरपूल के फुटबॉल सेटअप और लंकाशायर की क्रिकेट टीम के लिए खेल रही थीं, और 18 साल की उम्र तक उन्होंने दोनों खेलों को जारी रखा।

जब एली को किसी एक को चुनने के लिए कहा गया, तो उन्होंने क्रिकेट चुना। हालांकि, फुटबॉल पूरी तरह से उनके जीवन से नहीं गया; यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी की डिग्री पूरी करने के दौरान उन्होंने चार साल तक 'विगन एथलेटिक' के साथ बिताए। 2020 में उन्होंने लंकाशायर के साथ अपना पहला प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट साइन किया और तब से वह क्लब की कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व कर रही हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 2025 में 'डोमेस्टिक डबल' (दो घरेलू खिताब) भी जीता।

एली एक क्वालिफाइड स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट हैं और लंकाशायर के लड़कों के क्रिकेट प्रोग्राम तथा 'सेल शार्क्स विमेन' के साथ काम करती हैं। इंग्लैंड महिला 'ए' टीम का भारत दौरा 30 नवंबर को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में पहले टी20 मैच के साथ शुरू होगा, जो दोपहर 1 बजे खेला जाएगा। शेष दो टी20 मैच उसी मैदान पर 3 और 5 दिसंबर को खेले जाएंगे, जो शाम 6 बजे शुरू होंगे।

इसके बाद, 8, 11 और 14 दिसंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तीन वनडे मुकाबलों का आयोजन होगा। पहला वनडे सुबह 9 बजे शुरू होगा, जबकि बाकी दो मैच दोपहर 2 बजे से खेले जाएंगे। इस दौरे का समापन मुंबई में एक मल्टी-डे मैच के साथ होगा, जो 19 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार