टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट खोकर 255 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया जिसका मतलब ये है कि न्यूजीलैंड को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए 256 रनों की दरकार होगी। हालांकि, ये स्कोर और भी बड़ा हो सकता था लेकिन कीवी गेंदबाज जिम्मी नीशम ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर मैच पलट दिया।
भारत के खिलाफ इस बड़े मैच में नीशम ने एक ओवर में तीन विकेट लिए और टीम इंडिया के खेमे में हड़कंप मचा दिया। नीशम को पहली पारी का 16वां ओवर दिया गया, और उन्होंने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को इसी ओवर में आउट कर दिया। सैमसन और ईशान पूरी ताकत से खेल रहे थे और ऐसा लग रहा था कि ये दोनों टीम इंडिया को 275 के स्कोर तक पहुंचा देंगे लेकिन नीशम ने ऐसा नहीं होने दिया।
नीशम के इस ओवर में सबसे पहले सैमसन आउट हुए। सैमसन फुल टॉस बॉल को टाइम नहीं कर पाए और 46 गेंदों पर 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन बनाने के बाद कैच आउट हो गए। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने दो डॉट बॉल खेलीं और चौथी गेंद पर एक सिंगल लिया। नीशम ने इसके बाद अगली गेंद पर ईशान को भी एक लो फुल टॉस फेंकी और वो भी इस शॉट को टाइम नहीं कर पाए जिसके बाद मार्क चैपमैन ने उनका कैच लपका और कीवी टीम को इसी ओवर में दूसरी विकेट दिलाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
बाएं हाथ के बैट्समैन ने आउट होने से पहले 25 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के और 4 चौके शामिल थे। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद कप्तान सूर्यकुमार खेलने आए लेकिन वो इसी गेंद पर आउट हो गए और अपना खाता भी नहीं खोल पाए। बाउंड्री पर रचिन रवींद्र ने उनका शानदार कैच लपका। नीशम ने गेंद से तो कमाल कर दिया लेकिन अब उनकी टीम को बल्ले से भी कमाल की उम्मीद होगी।