Jos Buttler Record: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ जोस बटलर (Jos Buttler) ने बीते शनिवार, 19 सितंबर को मैनचेस्टर टी20 (ENG vs SL 3rd T20) में श्रीलंका के खिलाफ 32 गेंदों पर 7 चौके 2 छक्के लगाकर नाबाद 62 रन बनाए। गौरतलब है कि इसी के दम पर जोस ने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में पाकिस्तान के नामी खिलाड़ी मोहम्मद रिज़वान (Mohammad Rizwan) को पछाड़ दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, जोस बटलर की मैनचेस्टर में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई अर्धशतकीय पारी, उनके T20I करियर की 32वीं 50-प्लस की पारी है। खास बात ये है कि इस पारी को खेलते ही अब जोस बटलर टी20 इंटरनेशनल में चौथे सर्वाधिक 50-प्लस की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिज़वान को पीछे छोड़कर ये पॉजिशन हासिल की है, जिन्होंने अपने करियर में अब तक 31 बार टी20 इंटरनेशनल में 50-प्लस की पारी खेली। बताते चलें कि इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर पाकिस्तान के ही बल्लेबाज़ बाबर आज़म हैं, जो T20I में 42 बार 50-प्लस से ज्यादा स्कोर बना चुके हैं।
T20I में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
- 42 — बाबर आजम (स्ट्राइक रेट: 128.0)
- 39 — विराट कोहली (स्ट्राइक रेट: 137.0)
- 37 — रोहित शर्मा (स्ट्राइक रेट: 140.9)
- 32 — जोस बटलर (स्ट्राइक रेट: 150.1)
- 31 — मोहम्मद रिजवान (स्ट्राइक रेट: 125.4)
टूटते-टूटते बचा डेविड मलान का रिकॉर्ड: इंग्लैंड-श्रीलंका तीन मैचों की टी20 सीरीज में जोस बटलर का बल्ला जमकर गरजा और उन्होंने 86 की औसत से 172 रन ठोके। गौरतलब है कि ये एक इंग्लिश बैटर का तीन मैचों की टी20 सीरीज में दूसरा सबसे बेस्ट परफॉर्मेंस हैं। जोस बटलर, डेविड मलान का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, जिन्होंने साल 2020 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 173 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड ने जीती सीरीज: हैरी ब्रूक की कैप्टेंसी वाली इंग्लिश टीम ने मैनचेस्टर टी20 में महज़ 9.4 ओवर में 125 रनों का लक्ष्य हासिल किया और श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी। ध्यान दें कि उन्होंने मेहमान टीम को टी20 सीरीज में 3-0 से रौंदा है। बताते चलें इस टी20 सीरीज के स्टार प्लेयर हैरी ब्रूक रहे, जिन्होंने 3 मैचों में 217.94 की स्ट्राइक रेट से 170 रन बनाए।