Keshav Maharaj Record: साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के टूर पर है जहां वो रविवार, 15 मार्च को माउंट माउंगानुई के बे ओवल स्टेडियम में मेजबान टीम के साथ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला (NZ vs SA 1st T20) खेलेंगे। गौरतलब है कि इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कैप्टन केशव महाराज (Keshav Maharaj) एक साथ दो बेहद ही खास हाफ सेंचुरी पूरी कर सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 36 साल के केशव महाराज अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 49 टी20 मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 48 विकेट लिए और 104 रन बनाए। यानी न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाला पहला टी20 मुकाबला उनके करियर का 50वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा और ऐसे वो मैदान पर कदम रखते ही एक खास हाफ सेंचुरी पूरी करेंगे।
इसके अलावा, इस मुकाबले में केशव महाराज अगर न्यूजीलैंड के दो विकेट चटकाते हैं तो वो T20I में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लेंगे और ऐसे अपनी दूसरी बेहद ही खास हाफ सेंचुरी पूरी करेंगे। बताते चलें कि साउथ अफ्रीका के लिए अब तक सिर्फ दो ही स्पिन गेंदबाज तबरेज शम्सी (70 मैचों में 89 विकेट) और इमरान ताहिर (35 मैचों में 61 विकेट) ही टी20 में 50 या उससे ज्यादा विकेट ले पाए हैं।
गौर करें कि ये अनुभवी गेंदबाज़ (केशव महाराज) न्यूजीलैंड के सामने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 11 विकेट चटकाता है तो वो अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में 350 विकेट पूरे कर लेंगे और इसी के साथ ऐसा करने वाले साउथ अफ्रीका के पहले स्पिन गेंदबाज़ बनेंगे। फिलहाल उनके नाम 167 मैचों की 210 इनिंग में 339 विकेट दर्ज हैं। इतना ही नहीं, उन्हें टी20 फॉर्मेट में अपने 200 विकेट पूरे करने के लिए भी सिर्फ 16 विकेटों की दरकार है। ऐसे में ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि केशव महाराज ये दोहरा शतक भी पूरा कर पाते हैं या नहीं।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका का पूरा स्क्वाड: केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएट्ज़ी , टोनी डी ज़ोरज़ी, कॉनर एस्टरहुइज़न, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमलेन, लुथो सिपाम्ला, प्रेनेलन सुब्रायेन, जेसन स्मिथ।