Kieron Pollard Record: वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) ने गुरुवार, 27 अगस्त को CPL 2026 के 17वें मुकाबले में त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) के लिए महज़ 26 गेंदों पर 250 की स्ट्राइक रेट से 65 रनों की तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने ये रन सेंट लूसिया किंग्स (Saint Lucia Kings) के खिलाफ त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में बनाए और इसी के साथ एक बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज़: कीरोन पोलार्ड ने त्रिनिदाद के मैदान पर 65 रन बनाकर टी20 फॉर्मेट में अपने 14,921 रन पूरे कर लिए हैं। खास बात ये है कि अब वो T20 में पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर जोस बटलर को पीछे छोड़कर ये रिकॉर्ड बनाया है। जोस के नाम 526 टी20 मैचों में 14,890 रन दर्ज हैं।
T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- कीरोन पोलार्ड - 749 मैचों की 666 पारियों में 14,921 रन
- जोस बटलर - 526 मैचों की 495 पारियों में 14,890 रन
- क्रिस गेल - 463 मैचों की 455 पारियों में 14,562 रन
- एलेक्स हेल्स - 531 मैचों की 526 पारियों में 14,489 रन
- डेविड वॉर्नर - 439 मैचों की 438 पारियों में 14,284 रन
गौरतलब है कि कीरोन पोलार्ड की निगाहें अब टी20 में सबसे पहले 15,000 रन पूरे करने पर टिकी होगी। वो ये आंकड़ां छूने से सिर्फ 79 रन दूर हैं। पोलार्ड CPL 2026 में त्रिनबागो नाइट राइडर्स के अगले ही मुकाबले में ये रिकॉर्ड बनाना चाहेंगे।
मैच का हाल: ये मुकाबला त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने ही टॉस जीता और सेंट लूसिया किंग्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया। इसके बाद मैदान पर टिम सेफर्ट का तूफान देखने को मिला जिन्होंने 61 गेंदों पर 8 चौके 5 छक्के लगाकर नाबाद 105 रनों की शतकीय पारी खेली। इस पारी के दम पर सेंट लूसिया किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 211 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में TKR के लिए कीरोन पोलार्ड ने 26 गेंदों पर 6 चौके 5 छक्के लगाकर 65 रन ठोके और कॉलिन मुनरो ने 35 गेंदों पर 48 रन बनाए। हालांकि टीम का दूसरा कोई भी बल्लेबाज़ ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिका जिस वज़ह से पूरी टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन ही जोड़ पाई। तो ऐसे SLK ने 36 रनों से जीत हासिल की।