IPL 2026, Kolkata Knight Riders vs Mumbai Indians Highlights: ईडन गार्डन्स में बुधवार (20 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर अहम जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस सिर्फ 147 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में KKR ने मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल की अहम पारियों के दम पर 7 गेंदें शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। रयान रिकेल्टन 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रोहित शर्मा भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नमन धीर बिना खाता खोले आउट हुए और सूर्यकुमार यादव भी सिर्फ 15 रन ही बना सके। पावरप्ले के अंदर ही मुंबई इंडियंस ने अपने 4 बड़े विकेट गंवा दिए।
मध्य ओवरों में तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या ने जरुर पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 43 रन जोड़े, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। तिलक वर्मा ने 32 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या 27 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए।
आखिरी ओवरों में कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए और टीम को 147 रन के स्कोर तक पहुंचाया।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए गेंदबाजी में कैमरून ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट झटके। वहीं सुनील नारायण ने भी 1 विकेट हासिल किया।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। फिन एलन 8 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 21 रन की पारी खेली। इसके बाद मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 64 रन की अहम साझेदारी की।
मनीष पांडे ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए, वहीं रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली। इन पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ की रेस में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है और 13 अंकों के साथ अंकतालिका में 6वें पायदान पर आ गई है।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने 3 विकेट लिए। वहीं दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर को 1-1 सफलता मिली।