महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (6 मई) से खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दमदार प्रदर्शन के केंद्र में रहे अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल, जिन्होंने शानदार शतक लगाकर न सिर्फ टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई बल्कि एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और यशस्वी जायसवाल (24) के रुप में लगे शुरुआती झटके के बाद केएल राहुल ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। राहुल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 165 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 शानदार चौके लगाए और अफगान गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया।
राहुल की इस पारी को और भी खास बनाने वाला तथ्य यह है कि उन्होंने इसके साथ सक्रिय भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 12 शतक हो गए हैं। इस सूची में भारतीय कप्तान शुभमन गिल 11 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
सक्रिय भारतीय खिलाड़ियों के सबसे ज्यादा टेस्ट शतक:
- केएल राहुल – 12
- शुभमन गिल – 11
- ऋषभ पंत – 8
- यशस्वी जायसवाल – 8
राहुल की यह पारी एक समय मुश्किल में भी पड़ सकती थी। जब वह 16 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब अफगानिस्तान ने उनके खिलाफ कैच आउट की अपील की थी। अंपायर ने बल्लेबाज को नॉट आउट दिया और अफगानिस्तान ने डीआरएस नहीं लिया। बाद में रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई थी। यह मौका गंवाना अफगानिस्तान को काफी भारी पड़ा क्योंकि राहुल ने इसके बाद शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक पूरा कर लिया।
दूसरे छोर पर युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी राहुल का भरपूर साथ दिया। सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
राहुल और सुदर्शन द्वारा रखी गई मजबूत नींव का कप्तान शुभमन गिल ने पूरा फायदा उठाया। गिल ने भी जबरदस्त पारी खेलते हुए अपना शतक पूरा किया और दिन का खेल खत्म होने तक गिल 143 गेंदों में 103 रन बनाकर नाबाद लौटे।
Also Read: LIVE Cricket Score
पहले दिन के अंत तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए थे। गिल के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 70 गेंदों में 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।