24 मार्च। विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल (19 गेंदों पर नाबाद 49 रन) की मैच जिताऊ तूफानी पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के दूसरे मैच में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हरा दिया। हैदराबाद ने यहां ईडन गार्डन्स मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 181 रनों का स्कोर बनाया, जिसे कोलकाता ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Advertisement

स्कोरकार्ड

रसेल ने 19 गेंदों पर 49 रनों की नाबाद पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए। शुभमन गिल ने 10 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से नाबाद 18 रनों का योगदान दिया। 

दोनों बल्लेबाजों ने मात्र 25 गेंदों पर ही पांचवें विकेट के लिए 65 रनों की अविजित साझेदारी कर कोलकाता को बेहतरीन जीत दिला दी। 

हैदराबाद से मिले 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही और उसने सात रनों के स्कोर पर ही क्रिस लिन (7) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद नीतीश राणा (68) और रोबिन उथप्पा (35) ने दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की। 

तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने उथप्पा को टीम के 87 के स्कोर पर बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। उथप्पा ने 27 गेंदों पर तीन चौका और एक छक्का लगाया। उथप्पा के आउट होने के बाद कोलकाता ने 95 के स्कोर पर कप्तान दिनेश कार्तिक (2) के रूप में अपना तीसरा विकेट और 118 के स्कोर पर राणा के रूप में अपना चौथा विकेट गंवा दिया।

इसके बाद कोलकाता को आखिरी तीन ओवरों में जीत के लिए 53 रनों की जरूरत थी और रसेल की आक्रामक पारी ने हैदराबाद के हाथों से यह जीत छीन ली। 

पूर्व चैम्पियन हैदराबाद की ओर से शाकिब अल हसन, संदीप शर्मा, सिद्धार्थ और राशिद खान ने एक-एक विकेट लिए। 

इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन विकेट पर 181 रनों का मजबूत स्कोर बनाया, लेकिन उसके गेंदबाज इस स्कोर का बचाव नहीं कर सके। 

दो बार की चैम्पियन कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन वार्नर और बेयरस्टो ने कोलकाता के इस फैसले को गलत साबित कर दिया। 

बेयरस्टो टीम के 118 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 35 गेंदों पर तीन चौका और एक छक्का लगाया। हैदराबाद का दूसरा विकेट टीम के 144 के स्कोर पर वार्नर के रूप में गिरा। एक साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे वार्नर ने 53 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्के लगाए। 

यह 40वीं बार है जब वार्नर ने आईपीएल में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। यूसुफ पठान एक रन बनाकर आउट हुए। 

विजय शंकर ने 24 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 40 और मनीष पांडे ने पांच गेंदों पर एक चौके की मदद से नाबाद आठ रनों का योगदान दिया। 

दोनों ने चौथे विकेट के लिए 29 रनों की अविजित साझेदारी कर टीम को 181 तक पहुंचाया। हैदराबाद ने अंतिम चार ओवरों में 37 रन जोड़े और एक विकेट भी गंवाया। कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने दो और पीयूष चावला ने एक विकेट लिए। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार