आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-1 मुकाबला मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस बड़े मुकाबले में RCB के अनुभवी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने बल्ले से शानदार पारी खेली, वहीं जैक कैलिस के खास क्लब में भी अपना नाम जोड़ लिया है।
इस अहम मुकाबले में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी इतिहास रचने के लिए काफी रही।
इस पारी के साथ ही क्रुणाल पंड्या IPL के एक सीजन में RCB के लिए 200 से ज्यादा रन और 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह खास उपलब्धि साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस ने हासिल की थी। कैलिस ने साल 2010 में RCB के लिए 572 रन बनाने के साथ 13 विकेट भी झटके थे। अब क्रुणाल ने IPL 2026 में 224 रन और 11 विकेट के साथ इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है।
RCB के लिए एक IPL सीजन में 200 या उससे ज्यादा रन और 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी:
- जैक कैलिस – 572 रन, 13 विकेट (2010)
- क्रुणाल पंड्या – 224 रन, 11 विकेट (2026)
दिलचस्प बात यह है कि क्रुणाल पंड्या के करियर में यह तीसरी बार है जब उन्होंने IPL के एक सीजन में 200 या उससे ज्यादा रन और 10 या उससे ज्यादा विकेट का डबल पूरा किया है। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस के लिए 2017 में 243 रन और 10 विकेट, जबकि 2018 में 228 रन और 12 विकेट हासिल कर चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो क्रुणाल पंड्या ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों में 95 रन की विस्फोटक साझेदारी की। रजत पाटीदार ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनका स्ट्राइक रेट 281 से ज्यादा का रहा। पाटीदार और क्रुणाल की दमदार बल्लेबाजी के चलते RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।