Kusal Mendis Century: इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार (24 सितंबर) को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने शानदार शतक जड़ा और इंग्लैंड की धरती पर एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने ऐसा करते हुए एशिया के कई दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाजों की खास लिस्ट में अपना नाम दर्ज कर लिया।

Advertisement

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे 31 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 100 गेंदों में 121 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इस शतक के साथ उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर वनडे में शतक लगाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाजों की खास लिस्ट में जगह बना ली।

कुसल मेंडिस इंग्लैंड की धरती पर वनडे शतक लगाने वाले छठे एशियाई विकेटकीपर बन गए हैं। उनसे पहले भारत के राहुल द्रविड़, श्रीलंका के कुमार संगकारा, पाकिस्तान के सरफराज अहमद, बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम और भारत के ऋषभ पंत यह कारनामा कर चुके हैं।

इस लिस्ट में सबसे पहले राहुल द्रविड़ का नाम आया था। द्रविड़ ने 1999 में टॉन्टन में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में 129 गेंदों पर 145 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद कुमार संगकारा ने इंग्लैंड की धरती पर दो शतक लगाए। संगकारा ने 2013 में द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ और फिर 2014 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ा था। इसके बाद पाकिस्तान के सरफराज अहमद ने 2016 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की।

बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम ने 2019 में नॉटिंघम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की धरती पर वनडे शतक लगाया था। वहीं, भारत के ऋषभ पंत ने 2022 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। अब कुसल मेंडिस ने इस खास सूची में अपना नाम जोड़ लिया है।

इंग्लैंड में वनडे शतक लगाने वाले एशियाई विकेटकीपर

  1. राहुल द्रविड़ — भारत, बनाम श्रीलंका, टॉन्टन, 1999
  2. कुमार संगकारा — श्रीलंका, बनाम इंग्लैंड, द ओवल, 2013
  3. कुमार संगकारा — श्रीलंका, बनाम इंग्लैंड, लॉर्ड्स, 2014
  4. सरफराज अहमद — पाकिस्तान, बनाम इंग्लैंड, लॉर्ड्स, 2016
  5. मुशफिकुर रहीम — बांग्लादेश, बनाम ऑस्ट्रेलिया, नॉटिंघम, 2019
  6. ऋषभ पंत — भारत, बनाम इंग्लैंड, मैनचेस्टर, 2022
  7. कुसल मेंडिस — श्रीलंका, बनाम इंग्लैंड, लीड्स, 2026
Also Read: LIVE Cricket Score

कुसल मेंडिस के वनडे करियर की बात करें तो वह अब तक 156 मुकाबलों में 35.49 की औसत से 5004 रन बना चुके हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में 6 शतक और 36 अर्धशतक दर्ज हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार