WBBL 2026 का 9वां मुकाबला बुधवार, 04 नवंबर को होबार्ट के निंजा स्टेडियम में खेला गया था जहां मेलबर्न रेनेगेड्स (Melbourne Renegades) ने रोमांचक अंदाज में एक गेंद पहले 155 रन बनाए और होबार्ट हरिकेंस (Hobart Hurricanes) को 4 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले के दौरान आखिरी गेंद पर अजीबोगरीब घटना घटी। यहां होबार्ट हरिकेंस की विकेटकीपर लिज़ेल ली (Lizelle Lee) ने भारी गलती की जिसके कारण टीम को हार का स्वाद चखना पड़ा।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, होबार्ट हरिकेंस के लिए आखिरी ओवर निकोला कैरी करने आईं थी। उनकी आखिरी गेंद पर मेलबर्न रेनेगेड्स को जीत हासिल करने के लिए एक रन चाहिए था। यहां कैरी ने समझदारी दिखाई और डिएंड्रा डॉटिन से दूर गेंद फेंकी। इस पर डॉटिन कोई रन नहीं बना पाई और सभी को लगा कि अब मुकाबले के नतीजे के लिए सुपर ओवर खेला जाएगा।
हालांकि ऐसा कुछ हुआ नहीं। निकोला कैरी का ये बॉल एक नो बॉल था। इसका कारण कैरी नहीं, बल्कि विकेटकीपर लिजेल ली थी। उन्होंने गेंद को स्टंप्स के आगे कलेक्ट किया था, जिस वज़ह से कैरी का बॉल नो बॉल हो गया। इसी कारण मेलबर्न रेनेगेड्स को मुफ्त का एक रन मिल गया और जो मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंच सकता था, वो वहां नहीं गया। आप नीचे इस घटना का पूरा वीडियो देख सकते हो।
क्या है नो बॉल का नियम?: क्रिकेट के नियम 27.3 के तहत, विकेटकीपर को गेंदबाज़ द्वारा गेंद फेंके जाने के बाद तब तक विकेट के पूरी तरह पीछे रहना होता है, जब तक गेंद बल्लेबाज़ के बल्ले या शरीर को न छू ले, विकेट के पास से आगे न निकल जाए या बल्लेबाज़ रन लेने का प्रयास न करे। यदि विकेटकीपर इस नियम का उल्लंघन करता है, तो अंपायर नो-बॉल करार देते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस फैसले के कारण मेलबर्न रेनेगेड्स को एक अतिरिक्त रन मिल गया और टीम ने बिना सुपर ओवर के ही जीत दर्ज कर ली। विकेटकीपर की यह छोटी-सी गलती होबार्ट हरिकेंस के लिए काफी महंगी साबित हुई।