भारत और अफ़गानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर मानव सुथार के लिए एक और खुशखबरी आई है। मैच विनिंग परफॉर्मेंस देने के बाद उन्होंने इंग्लिश काउंटी क्लब वार्विकशायर के साथ करार कर लिया है। सुथार मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप डिवीज़न वन के अगले दो राउंड के लिए क्लब के साथ खेलने को तैयार हैं।
ये युवा खिलाड़ी यॉर्कशायर के खिलाफ़ होने वाले अगले मैच में खेलेगा, जो 12 से 15 जून तक होगा। इसके बाद वो समरसेट के खिलाफ़ भी एक मैच खेलेंगे, जो टॉनटन में खेला जाएगा। अपने पहले काउंटी करार पर सुथार ने कहा, "मैं अगले दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए वार्विकशायर से जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। टीम ने सीज़न की शुरुआत बहुत अच्छी की है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि मैं उन्हें खिताब जीतने की कोशिश में मदद कर पाऊंगा।"
बता दें कि सुथार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार डेब्यू से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया। उन्होंने टेस्ट की पहली पारी में छह विकेट लिए और दूसरी पारी में भी एक विकेट हासिल किया। मैच में कुल सात विकेट लेने के साथ-साथ उन्होंने निचले क्रम में बल्लेबाज़ी करते हुए 28 रन का अहम योगदान भी दिया। उन्हें उनके इस ऑलराउंडप प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' भी चुना गया।
वहीं, सुथार के साथ करार होने के बाद क्लब के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने कहा, "हम टीम के लिए एक बहुत ही रोमांचक समय में मानव का 'बेयर्स' (टीम का उपनाम) में स्वागत करते हुए खुश हैं। हमने इस सीज़न में पहले ही कुछ अच्छी रेड-बॉल क्रिकेट खेली है और मानव हमारी बॉलिंग अटैक में एक नया आयाम जोड़ेंगे। पिछले हफ़्ते भारतीय टेस्ट टीम में चुने जाने से पता चलता है कि उन्हें भारत में कितना महत्व दिया जाता है, इसलिए उन्हें टीम के साथ पाकर बहुत अच्छा लगेगा।"
Also Read: LIVE Cricket Score
अब ये देखना दिलचस्प होगा कि सुथार यूनाइटेड किंगडम के चुनौतीपूर्ण हालात में, खासकर गेंदबाज़ी में कैसा प्रदर्शन करते हैं, क्योंकि वहां की पिचें स्पिनरों के लिए ज़्यादा मददगार नहीं होती हैं।