सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में बेशक दक्षिण अफ्रीकी टीम बैकफुट पर नजर आ रही है लेकिन इस टेस्ट में डेब्यू करने वाले तेज़ गेंदबाज़ मार्को जानसेन धमाल मचा रहे हैं। जानसेन ने सेंचुरियन टेस्ट में चार विकेट लेकर ये दिखा दिया है कि वो अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
इन चार विकेटों में विराट कोहली का बहुमूल्य विकेट भी शामिल है। 21 साल के जानसेन ने चौथे दिन लंच ब्रेक के बाद पहली ही गेंद पर भारतीय कप्तान विराट कोहली को पवेलियन की राह दिखाई। आउट होने के तुरंत बाद विराट कोहली को निराश भी देखा जा सकता था क्योंकि उनके आउट होने का मतलब ये भी था कि साल 2021 में भी उनके बल्ले से अंतर्राष्ट्रीय शतक देखने को नहीं मिला।
विराट को आउट करने के बाद जानसेन के चेहरे पर एक अलग चमक और खुशी थी और इस 21 साल के लड़के की खुशी को देखकर आपका दिल भी गदगद हो उठेगा। अपने डेब्यू टेस्ट में विराट कोहली का बड़ा विकेट लेने वाले जानसेन की कहानी हर युवा खिलाड़ी को ये बताने के लिए काफी है कि आप सपने देखिए क्योंकि सपने वाकई सच होते हैं।
ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जानसेन ने भी नहीं सोचा था कि वो अपने डेब्यू टेस्ट में विराट का विकेट लेने में सफल होंगे। दरअसल, विराट और जानसेन को लेकर एक दिलचस्प किस्सा भी है जो शायद बहुत कम लोग जानते हैं।
2018 के दौरान जब भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थी तब जानसेन विराट को प्रैक्टिस सेशन के दौरान गेंदबाज़ी करते थे। तभी विराट ने इस खिलाड़ी की प्रतिभा की तारीफ की थी लेकिन अब तीन साल बाद अपने टेस्ट डेब्यू पर विराट का ही विकेट लेकर जानसेन ने दिखा दिया है कि तीन साल पहले विराट के शब्द बिल्कुल सही थे क्योंकि वो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बल्लेबाज़ों पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।