The Hundred Women's 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 का 23वां मुकाबला गुरुवार (6 अगस्त) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर एमआई लंदन और लंदन स्पिरिट के बीच खेला गया। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई लंदन की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने अपनी सबसे खतरनाक बल्लेबाज हेली मैथ्यूज (Hayley Matthews) का विकेट 8वीं गेंद पर ही गंवा दिया।
साउथ अफ्रीका की अनुभवी ऑलराउंडर मारिज़ान कैप ने नई गेंद से कमाल की गेंदबाजी करते हुए हेली मैथ्यूज को क्लीन बोल्ड कर दिया। उनकी शानदार गेंद देखकर मैदान पर मौजूद दर्शक भी दंग रह गए।
कैप ने ऑफ स्टंप के बाहर अच्छी लेंथ पर गेंद डाली, जो पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर की ओर आई। हेली मैथ्यूज इस मूवमेंट को बिल्कुल भी नहीं पढ़ सकीं। उन्होंने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ला गेंद के आसपास भी नहीं पहुंच पाया और गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई।
स्टंप्स बिखरते ही हेली मैथ्यूज कुछ सेकंड तक घुटने के बल बैठी रहीं। उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि इतनी शानदार गेंद पर उनका विकेट उड़ चुका है। मैथ्यूज सिर्फ 3 गेंदों में 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और एमआई लंदन ने महज 5 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया।
अगर मुकाबले की बात करें तो एमआई लंदन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों में 9 विकेट खोकर 122 रन का स्कोर खड़ा किया। अमेलिया केर ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 41 गेंदों में नाबाद 69 रन की शानदार पारी खेली, जबकि चिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज लंदन स्पिरिट के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।