कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया (Team Inaia) इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच को जीत कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर पहले टेस्ट मुकाबले में 227 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए दो मैच और इंग्लैंड के साथ सीरीज में जीत हासिल करनी होगी।

Advertisement

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जून में लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाना है और न्यूजीलैंड पहले ही खिताबी मुकाबले में जगह बना चुका है। अगर इंग्लैंड भारत के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच जीत जाता है तो भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएगी। ऐसी स्थिति में खिताबी मुकाबले में पहुंचने के लिए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जंग होगी।

Advertisement

कोहली के नेतृत्व में भारत पिछले दो महीनों में दो टेस्ट मैच हार चुका है जबकि कोहली की अनुपस्थिति में टीम की कमान संभालने वाले रहाणे की कप्तानी में टीम इंडिया ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे में तीन मुकाबलों में दो मैच जीते थे।

टेस्ट की कप्तानी रहाणे को सौंपने की चर्चा हो रही है और अगर टीम को कोहली की कप्तानी में एक भी हार मिलती है तो इस चर्चा में तेजी देखने को मिल सकती है।

 

इस बीच इंग्लैंड ने दूसरे मुकाबले के लिए टीम में चार बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की जगह नियमित नीति बदलाव के तहत स्टुअर्ट ब्रॉड को शामिल किया गया है। पहले टेस्ट की दूसरी पारी में खराब प्रदर्शन के कारण डॉम बेस को बाहर किया गया है और उनकी जगह ऑलराउंडर मोईन अली जबकि जोस बटलर के स्थान पर विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स को शामिल किया गया है।

चोटिल आर्चर की जगह क्रिस वोक्स और ओली स्टोन में से किसी एक खिलाड़ी को एकादश में जगह दी जाएगी।

Advertisement

भारतीय टीम भी इस मुकाबले के लिए बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज शाहबाज नदीम की जगह अक्षर पटेल को शामिल कर सकती है। अक्षर पहले टेस्ट में चोट के कारण बाहर रहे थे और हाल ही में उन्हें फिट घोषित किया गया था। इसके अलावा टीम मैनेजमेंट वॉशिंगटन सुंदर या अक्षर में से किसी एक को मौका देकर कुलदीप यादव को मौका दे सकती है।

भारत के लिए इस मुकाबले में इंग्लिश टीम के कप्तान जो रूट को रोकना सबसे जरुरी होगा जिन्होंने पहले टेस्ट में 218 रन बनाकर इंग्लैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था।

इस मुकाबले के लिए संभावित टीमें इस प्रकार हैं :

Advertisement

इंग्लैंड: डॉम सिब्ले, रोरी बर्न्‍स, डेनियल लॉरेंस, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, ओली पोप, बेन फोक्स, मोईन अली, स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स/ ओली स्टोन, जैक लीच

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अंजिक्य रहाणे, रिषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव,वाशिंगटन सुंदर/ अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, 
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार