Matt Renshaw Test Record: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन साउथ अफ्रीका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 106 रनों की विशाल बढ़त हासिल की।
साउथ अफ्रीका के लिए पहली पारी में कोई भी खिलाड़ी अर्धशतक नहीं बना सका और डेविड बेडिंगहम 49 रन के साथ टॉप स्कोरर रहे।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 390 रन बनाए थे। जिसमें मैट रेनशॉ के शानदार शतक के अलावा कोई और खिलाड़ी अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। इसके साथ ही रेनशॉ के नाम अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
रेनशॉ के 190 रन दोनों टीमों की पहली पारियों में 50 से अधिक का एकमात्र स्कोर रहे। यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोनों टीमों की पहली पारियों में 50+ का इकलौता स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
इस दौरान रेनशॉ ने जनवरी 1898 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर बना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उस मुकाबले में क्लेम हिल (Clem Hill) के 188 रन दोनों टीमों की पहली पारियों में 50 से अधिक का एकमात्र स्कोर थे।
बता दें कि रेनशॉ ने 9 साल और 280 दिन के अंतर के बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया है। इससे पहले सैंकड़े के आंकड़े तक वह जनवरी 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में हुए मुकाबले में पहुंचे थे। उनकी इस रिकॉर्ड पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया खराब शुरूआत के बाद भी अच्छे स्कोर तक पहुंची।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में कप्तान पैट कमिंस ने 3 विकेट, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट और ब्यू वेबस्टर ने 1 विकेट अपने खाते में डाला।