Matthew Breetzke Record: साउथ अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला (SA vs AUS 2nd ODI) बीते रविवार, 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला गया था। गौरतलब है कि इस मुकाबले में मैथ्यू ब्रीत्ज़के (Matthew Breetzke) ने महज़ 34 रनों की पारी खेलकर इतिहास रचा और इमाम-उल-हक (Imam-ul-Haq) का एक महारिकॉर्ड तोड़ दिया।
मैथ्यू ब्रीत्ज़के ने रचा इतिहास: वांडरर्स वनडे में मैथ्यू ब्रीत्ज़के साउथ अफ्रीका के लिए नंबर-4 पर बल्लेबाज़ी करने आए थे और उन्होंने 28 गेंदों पर 6 चौके लगाकर 34 रन बनाए। खास बात ये है कि उन्होंने ODI में अपने 856 रन पूरे कर लिए हैं और अब वो वनडे इंटरनेशनल में 15 पारियों के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
ब्रीत्ज़के ने पाकिस्तानी दिग्गज इमाम-उल-हक का रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया है। इमाम ने अपने वनडे करियर की शुरुआती 15 पारियों में 61.77 की औसत से 803 रन बनाए थे। बताते चलें कि ब्रीत्ज़के साउथ अफ्रीका की ODI टीम के एक सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने 16 मैचों की 15 पारियों में 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं।
ODI की पहली 15 पारियों में सबसे ज्यादा रन
- 856 रन – मैथ्यू ब्रीत्ज़के (औसत: 61.14)*
- 803 रन – इमाम-उल-हक (औसत: 61.77)
- 789 रन – जानेमन मलान (औसत: 60.69)
- 786 रन – केविन पीटरसन (औसत: 87.33)
- 769 रन – आकिब इलियास (औसत: 59.15)
मैच का हाल: वांडरर्स वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 365 रन बनाए। उनके लिए डेविड मिलर (93 गेंदों पर 142 रन) और कप्तान टेम्बा बावुमा (116 गेंदों पर 103 रन) ने शानदार शतक ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिचेल मार्श ने 53 गेंदों पर 84 रन बनाए, वहीं ट्रेविस हेड ने भी 76 गेंदों पर 84 रन और जेवियर बार्टलेट ने 28 गेंदों पर 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इन सब के बावजूद ऑस्ट्रेलिया अपनी पारी की एक गेंद रहते ऑल आउट हुई और 333 रन ही बना पाई। तो ऐसे साउथ अफ्रीका ने ये मुकाबला पूरे 32 रनों से अपने नाम किया और सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।