Megan Schutt Record: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का तीसरा मुकाबला शनिवार, 13 जून को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका (AUS-W vs SA-W) के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज़ मेगन शट (Megan Schutt) अपनी गेंदबाज़ी से धमाल मचाकर एक बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकती हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। दरअसल, मैनचेस्टर के मैदान पर अगर मेगन शट साउथ अफ्रीका के दो विकेट लेने में कामयाब होती हैं तो वो ICC वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में अपने 50 विकेट पूरे कर लेंगी और इस करिश्माई आंकड़ें तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली महिला खिलाड़ी बन जाएंगी। ध्यान दें कि इस टूर्नामेंट में मेगन शट के नाम फिलहाल 29 मैचों में 48 विकेट दर्ज हैं।
ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट
- मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया) - 29 मैचों में 48 विकेट
- शबनीन इस्माइल (साउथ अफ्रीका) - 32 मैचों में 43 विकेट
- आन्या श्रूबसोल (इंग्लैंड) - 27 मैचों में 41 विकेट
- एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया) - 47 मैचों में 40 विकेट
- स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) - 35 मैचों में 33 विकेट
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास (पुरुष और महिला) में अब तक सिर्फ एक ही खिलाड़ी ने 50 विकेट लेने का कारनामा किया है और वो बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन हैं। उन्होंने 43 मैचों में 50 विकेट झटके हैं। वो इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ भी हैं।
यानी मेगन शट साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में तीन विकेट लेने में कामयाब होती हैं, तो वो शाकिब अल हसन का रिकॉर्ड तोड़कर इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वालीं खिलाड़ी भी बन जाएंगी। गौरतलब है कि ये रफ्तार की सौदागर अपने देश के लिए अब तक 125 टी20 मैचों में 152 विकेट झटक चुकी है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया की पूरा स्क्वाड: सोफी मोलिनेक्स (कप्तान), निकोला कैरी, एशले गार्डनर, किम गर्थ, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फीबी लिचफील्ड, ताहलिया मैक्ग्रा, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम।