दांबुला में 15 जून को खेले गए इंडिया ए और श्रीलंका ए के मुकाबले के बाद मैदान पर हुई गर्मागर्म बहस का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। सोमवार (15 जून) को ट्राई सीरीज के इस मैच में भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका के खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प पर श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने कार्रवाई की है।

Advertisement

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश ने इस मामले में कुछ खिलाड़ियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें सबसे प्रमुख नाम श्रीलंका के बल्लेबाजी ऑलराउंडर विशेन हलमबेज का बताया जा रहा है। हालांकि उन पर किस नियम के तहत कार्रवाई की गई है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Advertisement

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला पर भी जुर्माना लगाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि मैदान पर हुए विवाद के दौरान डिकवेला माहौल शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि उन पर लगाया गया जुर्माना किसी दूसरे मामले से जुड़ा है और इसका वैभव सूर्यवंशी वाले विवाद से कोई संबंध नहीं है।

विवाद की शुरुआत सुपर ओवर के बाद हुई थी। मैच टाई रहने के बाद सुपर ओवर खेला गया, जिसमें भारत ए को जीत के लिए आखिरी तीन गेंदों पर 14 रन चाहिए थे। वैभव सूर्यवंशी स्ट्राइक पर थे, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इसके बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जश्न मनाते हुए कुछ टिप्पणियां कीं, जिससे माहौल गर्म हो गया।

कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक 21 वर्षीय विशेन हलमबेज मैच के दौरान लगातार वैभव सूर्यवंशी को उनकी आईपीएल 2026 की परफॉर्मेंस को लेकर स्लेज कर रहे थे। गौरतलब है कि वैभव (776 रन) आईपीएल 2026 के सबसे रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।

मैच खत्म होने के बाद पहले तो वैभव और सूर्यांश शेडगे ने स्थिति को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन बाद में बहस बढ़ गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्यांश शेडगे श्रीलंकाई खिलाड़ियों की ओर मुड़े और इसी दौरान वैभव भी विवाद में शामिल हो गए। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

Advertisement

फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस घटना में शामिल होने के कारण वैभव सूर्यवंशी पर भी कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक वैभव के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।

Also Read: LIVE Cricket Score

आपको बता दें यह मामला आईसीसी के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, इसलिए इसकी जांच और सजा से जुड़ा पूरा फैसला श्रीलंका क्रिकेट के हाथ में है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार