कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) का 26वां मुकाबला शनिवार (5 सितंबर) को गुयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) और जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) के बीच खेला गया। इस मैच में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) ने अपनी फिरकी का शानदार नमूना पेश करते हुए जमैका किंग्समेन के कप्तान और वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल (Rovman Powell) को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।

Advertisement

जमैका किंग्समेन की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और रोवमैन पॉवेल नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने पहुंचे। पारी का 13वां ओवर डाल रहे मोहम्मद नबी ने पहली ही गेंद पर पॉवेल को मुश्किल में डाल दिया।

नबी ने ऑफ स्टंप के बाहर एक लेंथ गेंद डाली। पॉवेल गेंद को खेलने के लिए बैकफुट पर गए, लेकिन शॉट खेलने में थोड़ा देर कर गए। गेंद उनके बल्ले से संपर्क किए बिना सीधे स्टंप में जा घुसी और पॉवेल गोल्डन डक पर आउट हो गए। यह गेंद इतनी शानदार थी कि पॉवेल भी कुछ देर क्रीज पर खड़े होकर सोचते रह गए। उन्हें शायद यकीन ही नहीं हुआ कि गेंद उनके बल्ले और शरीर के पास से निकलकर इतनी तेजी से स्टंप पर जा लगी।

VIDEO:

नबी ने इस मुकाबले में सिर्फ पॉवेल का विकेट ही नहीं लिया, बल्कि पूरे स्पेल में बेहद कसी हुई गेंदबाजी की। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 25 रन दिए और एक विकेट हासिल किया। CPL 2026 में अब तक नबी पांच मुकाबलों में आठ विकेट अपने नाम कर चुके हैं और उनका इकॉनमी रेट 6.17 का रहा है।

दूसरी तरफ जमैका किंग्समेन की बल्लेबाजी इस मुकाबले में कुछ खास नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन हसन खान ने पारी के आखिरी हिस्से में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को 159 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हसन खान ने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 62 रन की तूफानी पारी खेली। 

Also Read: LIVE Cricket Score

159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 35 गेंदों में 54 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद मावेंद्र डिंडयाल ने 17 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि शिमरोन हेटमायर ने फिनिशिंग पारी खेलते हुए सिर्फ 17 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने 17.2 ओवर में 8 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार