एमएस धोनी विश्व क्रिकेट में एक ऐसा नाम बना चुके हैं जो आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। माही मैदान के अंदर अपने प्रदर्शन के अलावा मैदान के बाहर अपनी शानदार बातों के लिए भी जाने जाते हैं। वो जो कुछ भी कहते हैं वो दुनिया भर में मौजूद फैंस और युवा लोगों के लिए बहुत मायने रखता है। भारत के पूर्व कप्तान ने कई वर्षों तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की और अब मैदान से बाहर अपने समय का आनंद ले रहे हैं।
भले ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो, लेकिन फिर भी वो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं और स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। प्रतिभा के मामले में धोनी बेशक सर्वश्रेष्ठ नहीं थे। लेकिन जिस चीज ने उन्हें विश्व स्तरीय खिलाड़ी और लीडर बनाया, वो थी उनकी विचार प्रक्रिया (Thought Process)।
आज की दुनिया में जब वो उभरते हुए क्रिकेटरों को सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के पीछे भागते देखते हैं तो उन्हें बहुत दुख होता है। इस समय सोशल मीडिया पर माही का एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और लाइक्स-फॉलोअर्स के पीछे भागने वाले लोगों को ये वीडियो जरूर देखना चाहिए।
धोनी इस वीडियो में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान बातचीत करते हैं और कहते हैं, "जब मैं क्रिकेटरों से मिलता हूं, तो मैं उन्हें बताता रहता हूं कि हमारे लिए क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण चीज है और अगर हम सबसे महत्वपूर्ण चीज का ध्यान रखेंगे तो क्रिकेट के आसपास की हर चीज अपने आप ठीक हो जाएगी। क्योंकि आज की दुनिया में, जब मैंने भारत के लिए क्रिकेट खेलना शुरू किया, तो वो 2004 का साल था। तब कोई इंस्टाग्राम नहीं था, कोई ट्विटर नहीं था, कुछ भी नहीं था। अब, बहुत सारे लोग लाइक्स और फॉलोअर्स को लेकर चिंतित हैं। लेकिन वो मूल विषय नहीं है। क्रिकेटरों के रूप में, हमें देश का प्रतिनिधित्व करने और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना चाहिए। अगर हम इसका ध्यान रखते हैं, तो अन्य सभी चीजें अपने आप ध्यान रख लेंगी।"
माही का ये वीडियो फिलहाल टॉक ऑफ द टाऊन बना हुआ है और युवा क्रिकेटर्स के लिए ये वीडियो उनकी लाइफ बदलने वाला साबित हो सकता है।