कोलकाता, 18 जनवरी | इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हाल ही में शामिल हुई पुणे टीम के मालिक संजीव गोयनका ने सोमवार को कहा कि उनकी टीम का नाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (आरपीएसजी) होगा और भारत के सीमित ओवर क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इसके कप्तान होंगे। आरपी-संजीव गोयनका समूह के अध्यक्ष संजीव गोयनका ने विश्वास जताया कि उनकी टीम अपने इस पहले सत्र में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

Advertisement

टीम में दक्षिण अफ्रीका के टी-20 टीम के कप्तान फाफ डू प्लेसिस और आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ भी हैं। इनके बावजूद धोनी को कप्तान क्यों चुना? इस सवाल पर गोयनका ने कहा, "यह सही है कि हमारी टीम में तीन कप्तान हैं और हमें इस पर गर्व है। तीनों शानदार कप्तान हैं लेकिन सभी पहलुओं को देखने के बाद हमें लगा कि धोनी सबसे बेहतर साबित होंगे।"

Advertisement

गोयनका ने कहा, "धोनी ने क्रिकेट के सभी फार्मेट में शानदार नेतृत्व क्षमता दिखाई है। हमें उन पर पूरा भरोसा है।"उन्होंने कहा कि तीन कप्तानों के होने से टीम में सौहार्द पर विपरीत असर नहीं पड़ेगा।गोयनका ने इस बारे में कुछ नहीं कहा कि मौजूदा आस्ट्रेलिया दौरे में टीम इंडिया की हार पर धोनी की आलोचना हो रही है।

धोनी को केवल इसी सीजन के लिए कप्तान चुना गया है। इस बारे में पूछने पर गोयनका ने कहा, "हमारा ध्यान अभी 2016 पर है। नई टीम होने की वजह से हमें अच्छा करना होगा। इसलिए उन्हें हमारे पहले सत्र के लिए चुना गया है।"

पुणे फ्रेंचाइजी ने पूर्ववर्ती चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के स्टीफन फ्लेमिंग और धोनी के कोच-कप्तान के संयोजन को चुना है। लेकिन, गोयनका ने इस बात से इनकार किया कि टीम में माइकल हसी की बतौर बल्लेबाज सलाहकार कोई भूमिका होगी।

गोयनका ने कहा, "यह सीएसके नहीं, हमारी टीम है। सिर्फ इसलिए कि कोई चेन्नई की टीम में था, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह यहां भी वही कर रहा होगा। धोनी-फ्लेमिंग की जोड़ी शानदार है। हम किसी भी ऐसे के साथ जाएंगे जिसे अपनी टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ पाएंगे।"

Advertisement

उन्होंने कहा, "हम नई टीम हैं, तो इसका मतलब यह नहीं हुआ कि यह मैदान पर खराब प्रदर्शन का बहाना हो सकता है। हमें वह करना होगा जो कि करना है। हमें अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करना होगा और हमें ऐसा करने का पूरा भरोसा है।"

गोयनका ने राजस्थान रायल्स के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघु अय्यर को अपनी कंपनी की खेल शाखा का प्रमुख नियुक्त करने का भी ऐलान किया। कंपनी इंडियन सुपर लीग फ्रेंचाइजी एटलेटिको डी कोलकाता की सह-मालिक है।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार