क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) और झारखंड के कुछ प्रमुख बीजेपी नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसे लेकर कई तरह की चर्चा और अटकलों का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर यह सवाल तैर रहा है कि क्या यह सिर्फ एक सामान्य मुलाकात है या फिर इसका कोई सियासी मायने है?

Advertisement

दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार की शाम मुंबई की फ्लाइट पकड़ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर थे। इसी वक्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रांची पहुंचने वाले थे और उनके स्वागत के लिए झारखंड के कई वरिष्ठ भाजपा नेता एयरपोर्ट पर मौजूद थे।

Advertisement

इसी दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह एवं कांके क्षेत्र के भापा विधायक समरी लाल ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की। इसकी तस्वीरें सामने आईं और देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

लोग इन तस्वीरों को धोनी के राजनीति में प्रवेश की संभावनाओं से जोड़कर चर्चा करने लगे।

राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने इस मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “क्रिकेट के कोहिनूर, झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी जी से एक अच्छी मुलाकात।”

इस तस्वीर में धोनी और दीपक प्रकाश एक सोफे पर बैठकर बात करते दिख रहे हैं। वायरल हो रही दूसरी तस्वीर में धोनी के साथ दीपक प्रकाश और रांची के बीजेपी विधायक सीपी सिंह एवं कांके के विधायक समरीलाल खड़े है।

Advertisement

धोनी के करीबी सूत्र इस मुलाकात को महज इत्तेफाक बता रहे हैं। रांची में पले-बढ़े होने के कारण धोनी के यहां कई लोगों से ताल्लुकात हैं। इनमें राजनीतिक दलों के लोग भी हैं। आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ भी उनकी अच्छी और पुरानी मित्रता है, लेकिन धोनी ने ऐसे संबंधों को हमेशा व्यक्तिगत रखा। अब तक उनका कोई राजनीतिक रुझान नहीं दिखा है।

Also Read: Live Score

जानकारों का कहना है कि धोनी कभी राजनीति की ओर रुख करने का मन बनाते हैं तो उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सीधा संपर्क होगा। उनकी शख्सियत और लोकप्रियता इतनी ऊंची है कि उन्हें राजनीति में कदम रखने के लिए सामान्य कद वाले नेताओं के संपर्क सूत्र की जरूरत नहीं होगी।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार