आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होने वाला है। इस मैच से पहले लखनऊ के नए नवेले फिनिशर मुकुल चौधरी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें मुकुल नेट प्रैक्टिस के दौरान एक के बाद एक कई नो लुक शॉट्स लगाते दिख रहे हैं।
ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें मुकुल शानदार नो लुक शॉट्स खेल रहे हैं और उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि वो आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच में इन शॉट्स को खेलते दिखेंगे। मुकुल के इस वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था लेकिन उससे पहले वाले मैच में लखनऊ ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया। 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की, जिसमें 21 साल के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी हीरो बनकर उभरे।
मुकुल चौधरी ने इस मुकाबले में 2 चौके और 7 छक्कों की मदद से 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन की धमाकेदार पारी खेली और हारी हुई बाजी को जीत में बदल दिया। जब वह क्रीज पर आए, तब पारी का 13वां ओवर चल रहा था और LSG 104 रन के स्कोर पर 5 अहम विकेट खो चुका था। कुल मिलाकर टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। यही नहीं इसके बाद भी विकेट गिरते रहे, लेकिन मुकुल ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुकुल चौधरी को 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने इस पारी से अपने चयन को पूरी तरह सही साबित कर दिया है। मुकुल चौधरी घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। उन्होंने जनवरी 2023 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। इस फॉर्मेट में उन्होंने अब तक 4 मैच खेले हैं, जिसमें 17.16 की औसत से 103 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 45 रन रहा है।