हैदराबाद, 6 अप्रैल (CRICKETNMORE)| केरन पोलार्ड और फिर अल्जारी जोसेफ की अगुआई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस ने शनिवार को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को एक कम स्कोर वाले मुकाबले में 40 रनों से हरा दिया।

Advertisement

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई एक समय 100-110 के आस-पास मुश्किल से जाती दिख रही थी लेकिन पोलार्ड ने अंतिम ओवरों में 26 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेल मुंबई को 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 136 रनों का वो स्कोर प्रदान किया जिससे वो मैच में लड़ाई कर सके। पोलार्ड के बाद जोसेफ ने हैदराबाद के विकेटों की झड़ी लगा उसे 17.4 ओवरों में 96 रनों पर ढेर करने में अहम भूमिका निभाई। 

Advertisement

जोसेफ का यह आईपीएल का पहला मैच था जिसमें उन्होंने 3.4 ओवरों में महज 12 रन और एक मेडन के साथ कुल छह विकेट अपने नाम कर मुंबई को शानदार जीत दिलाई। साथ ही वह आईपीएल के एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकार्ड राजस्थान रॉयल्स के सोहेल तनवीर के नाम था जिन्होंने चार ओवरों में 14 रन देकर छह विकेट लिए थे। 

आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को डेविड वार्नर (15) और जॉनी बेयरस्टो (16) ने तेज शुरुआत जरूर दी, लेकिन यह दोनों ज्यादा देर तक विकेट पर पैर नहीं जमा सके। बेयरस्टो लेग स्पिनर राहुल चाहर की गेंद को जोर से मारने के प्रयास में चौथे ओवर की चौथी गेंद पर 33 के कुल स्कोर पर जसप्रीत बुमराह के हाथों लपके गए। 

अगले ओवर की पहली गेंद पर इसी स्कोर पर जोसेफ ने वार्नर को बोल्ड कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। 

विजय शंकर (5) ने आते हुए एक चौका जरूर लगाया लेकिन वह 42 के कुल स्कोर पर जोसेफ का दूसरा शिकार बने। मनीष पांडे (16) और यूसुफ पठान (0) कुछ खास नहीं कर पाए। हैदराबाद ने अपने पांच विकेट 62 के कुल स्कोर तक खो दिए थे। 

Advertisement

यहां से बचे पांच में से चार विकेट और ले जोसेफ ने हैदराबाद का पुलिंदा बांध दिया। उनके अलावा राहुल ने दो विकेट लिए। जेसन बेहरनडॉर्फ और बुमराह को एक-एक विकेट मिला। 

इससे पहले हैदराबाद ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। लग रहा था कि मुंबई सस्ते में पवेलियन लौट लेगी लेकिन पोलार्ड ने मुंबई 130 के पार पहुंचा दिया। 

पोलार्ड की पारी में चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। उनके अलावा मुंबई का कोई और बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना सका ना ही विकेट पर टिक सका। 

Advertisement

रोहित शर्मा (11) और क्विंटन डी कॉक (19) ने जिस तरह से शुरुआत की थी उससे लगा था कि मुंबई एक अच्छे स्कोर की ओर जाएगी, लेकिन जैसे ही पहला विकेट गिरा मुंबई ओवर दर ओवर बिखरती चली गई। 

रोहित चौथे ओवर की चौथी गेंद पर 21 के कुल स्कोर पर मोहम्मद नबी का शिकार बने। यहां से रन गति पर भी ब्रेक सा लग गया। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर संदीप शर्मा ने सूर्यकुमार यादव (7) को पवेलियन भेज दिया। 

सिद्धार्थ कौल ने डी कॉक को 43 के कुल स्कोर पर दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। क्रुणाल पांड्या और इस मैच में युवराज सिंह के स्थान पर आए ईशान किशन ने टीम को संभालने की कोशिशें कीं। इस जोड़ी ने सिर्फ 20 रन ही जोड़े थे कि सिद्धार्थ ने क्रुणाल (6) को बेयरस्टो के हाथों कैच करा मुंबई को चौथा झटका दिया। दो रन बाद ईशान (17)रन आउट हो गए। 

Advertisement

हार्दिक पांड्या भी इस मैच में विफल रहे और 14 गेंदों पर सिर्फ 14 रन बनाकर राशिद खान का शिकार हो गए। 97 के कुल स्कोर पर राहुल (10) भी पवेलियन लौट लिए। यहां से पोलार्ड ने आखिरी के दो ओवरों में 39 रन बटोर मुंबई को ठीक-ठाक मकाम दिया। 

हैदराबाद के लिए सिद्धार्थ ने दो विकेट लिए। भुवनेश्वर, संदीप, नबी, राशिद को एक-एक सफलता मिली।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार