Najibullah Zadran Record: दरवेश रसूली (Darwish Rasooli) की कैप्टेंसी वाली अफगानिस्तान टीम ने गुरुवार, 24 सितंबर को एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) के मुकाबले में 129 रन डिफेंड किए और जापान को 48 रनों से मात दी। गौरतलब है कि अफगानी के 33 वर्षीय अनुभवी क्रिकेटर नजीबुल्लाह जादरान (Najibullah Zadran) ने भी ये मुकाबला खेला और मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया।
राशिद-नबी के रिकॉर्ड की बराबरी: अफगानिस्तान-जापान के बीच ये मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया जो कि नजीबुल्लाह जादरान के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का 200वां मुकाबला है। इसके लिए मैदान पर उतरते ही नजीबुल्लाह ने इतिहास के पन्नों पर अपना नाम दर्ज करा दिया और वो अफगानिस्तान के लिए 200 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए।
नजीबुल्लाह से पहले सिर्फ मोहम्मद नबी और राशिद खान ही ऐसे दो खिलाड़ी हुए जिन्होंने अफगानिस्तान के लिए 200 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस रिकॉर्ड लिस्ट में मोहम्मद नबी टॉप पर हैं, जिन्होंने अब तक 336 मुकाबले खेले हैं।
अफगानिस्तान के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक मैच
- मोहम्मद नबी - 336
- राशिद खान - 246
- नजीबुल्लाह जादरान - 200
- असगर अफ़ग़ान - 195
- गुलबदीन नायब - 176
अफगानी टीम को मिली जीत: निशिन के मैदान पर जापान ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 129 रन बनाए। उनके लिए सलामी बल्लेबाज़ वसीम अकरम ने सबसे ज्यादा रन जोड़े और 29 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली।
इसके बाद जापान की टीम बैटिंग करने मैदान पर आई जो कि 19.3 ओवर ही खेल पाई और 81 रन बनाकर पूरी तरह सिमट गई। जापान के लिए भी एक सलामी बल्लेबाज़ रेओ सकुरानो-थॉमस ने सबसे ज्यादा रन जोड़े। उन्होंने 24 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें अफगानी टीम के लिए 21 साल के लेग ब्रेक बॉलर अरब गुल स्टार बॉलर रहे, जिन्होंने 4 ओवर में महज़ 8 रन देकर 4 विकेट चटकाए। तो इस तरह अफगानिस्तान ने एशियन गेम्स की धमाकेदार शुरुआत की और पहला मुकाबला 48 रनों से जीता।