Bangladesh vs New Zealand 3rd ODI Highlights: जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम, चट्टोग्राम में गुरुवार (23 अप्रैल) को खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 55 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 265 रन बनाए, जिसके जवाब में कीवी टीम 210 रन पर सिमट गई। नजमुल हुसैन शांतो के शानदार शतक और मुस्तफिजुर रहमान की घातक गेंदबाजी ने बांग्लादेश के लिए इस मैच का रुख तय किया।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए। सैफ हसन खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि तंजीद हसन सिर्फ 1 रन और सौम्य सरकार 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
शुरुआती झटकों के बाद नजमुल हुसैन शांतो और लिटन दास ने पारी को संभाला। दोनों ने के बीच चौथे विकेट के लिए 160 रन की शानदार साझेदारी हुई। शांतो ने 119 गेंदों में 105 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं लिटन दास ने 91 गेंदों में 76 रन बनाए। अंत में तौहीद हृदय ने 29 गेंदों में नाबाद 33 रन जोड़कर टीम का स्कोर 265 रन तक पहुंचा दिया।
न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में विलियम ओ’रूर्के ने 3 विकेट लिए, जबकि बेन लिस्टर और जेडन लेनॉक्स को 2-2 सफलता मिली।
266 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत भी खराब रही। हेनरी निकोल्स सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। निक केली ने 80 गेंदों में 59 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा साथ नहीं मिला।
इसके अलावा डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने भी जरूर 72 गेंदों में 75 रन की लड़ाकू पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। न्यूजीलैंड के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए और पूरी टीम 44.5 ओवर में 210 रन पर ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में मुस्तफिजुर रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 ओवर में 43 रन देकर 5 विकेट झटके। मेहदी हसन मिराज और नाहिद राणा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शोरीफुल इस्लाम को 1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह बांग्लादेश ने 55 रन से मुकाबला अपने नाम करते हुए 2-1 से सीरीज भी जीत ली और शानदार अंदाज में घरेलू सीरीज खत्म की।