महिला बिग बैश लीग (WBBL 12) में सोमवार (16 नवंबर) को मेलबर्न स्टार्स और सिडनी थंडर के बीच खेले गए मुकाबले में एक मजेदार, लेकिन थोड़ी डरावनी घटना देखने को मिली। इस मैच के दौरान मेलबर्न स्टार्स की फील्डर नाओमी स्टैलेनबर्ग (Naomi Stalenberg) का एक थ्रो सीधे महिला फील्ड अंपायर को जा लगा।
यह घटना सिडनी थंडर की पारी के पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। इस गेंद पर बल्लेबाज ने स्क्वायर लेग की दिशा में शॉट खेला। वहां फील्डिंग कर रही नाओमी स्टैलेनबर्ग ने बल्लेबाज को दूसरा रन लेने के लिए भागते देखा तो उन्होंने तेजी से गेंद उठाकर स्ट्राइकर एंड की तरफ थ्रो कर दिया। हालांकि, उनका निशाना चूक गया और गेंद विकेटकीपर तक पहुंचने के बजाय सीधे स्क्वायर लेग अंपायर की पीठ पर जा लगी। अचानक गेंद लगने से अंपायर भी कुछ पल के लिए चौंक गईं।
दूसरी तरफ, अपनी गलती का एहसास होते ही स्टैलेनबर्ग भी घबरा गईं और उन्होंने तुरंत अपने मुंह पर हाथ रख लिया। हालांकि, अंपायर ने इस घटना को सहजता से लिया और राहत की बात यह रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई। इसके बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के बीच हल्की हंसी देखने को मिली और मुकाबला बिना किसी परेशानी के दोबारा शुरू हो गया।
VIDEO:
वहीं इस मुकाबले में स्टैलेनबर्ग का योगदान सिर्फ इस घटना तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बल्ले से भी अहम पारी खेली। मेलबर्न स्टार्स की ओर से मेग लैनिंग (Meg Lanning) ने 23 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि स्टालेनबर्ग ने 26 गेंदों में 27 रन की पारी खेली। इन दोनों की मदद से मेलबर्न स्टार्स ने 20 ओवर में 120 रन का लड़ने लायक स्कोर खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में सिडनी थंडर की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। मेलबर्न स्टार्स की गेंदबाज जॉर्जिया प्रेस्टविज (Georgia Prestwidge) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी इस घातक गेंदबाजी के चलते सिडनी थंडर की पूरी टीम 19.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस तरह मेलबर्न स्टार्स ने मुकाबला छह रन से अपने नाम कर लिया।