T20 World Cup 2026, Scotland vs Nepal: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले स्कॉटलैंड को पहले बल्लेबाजी करते हुए माइकल जोन्स ने शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन मध्य ओवरों में नेपाली गेंदबाजों की शानदार वापसी से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। जवाब में नेपाल के लिए अंत के ओवरों में दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी करेत हुए मैच का रुख पलट दिया और आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर नेपाल ने टी20 वर्ल्ड कप 12 साल बाद जीत हासिल की।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 33वां मुकाबला मंगलवार (17 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया। दोनों टीमें पहले ही सुपर-8 की रेस से बाहर हो चुकीं थी, इसलिए दोनों टीमों का ग्रुप स्टेज का ये आखिरी मुकाबला था। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
स्कॉटलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 60 गेंदों में 80 रन जोड़े। मुन्से ने 29 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि जोन्स ने शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 71 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा मैकमुलेन ने 19 गेंदों में 25 रन की पारी खेली।
हालांकि मध्य और अंतिम ओवरों में नेपाली गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए कप्तान रिची बेरिंगटन (10), टॉम ब्रूस (5) और मैथ्यू क्रॉस (4) जैसे बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेजा। इससे स्कॉटलैंड की रन गति पर ब्रेक लगा और टीम निर्धारित 20 ओवरों में 170 रन ही बना सकी।
नेपाल की ओर से सोमपाल कामी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं नंदन यादव ने 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा कप्तान रोहित पौडेल और कुशल भर्तेल ने भी 1-1 सफलता हासिल की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल को सलामी बल्लेबाज कुशल भर्तेल और आसिफ शेख ने पहले विकेट के लिए 55 गेंदों में 74 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। कुशल भर्तेल ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए, वहीं आसिफ शेख ने 27 गेंदों में 33 रन की पारी खेली। इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी ने पारी संभालेते हुए पचास ठोका और चौथे विकेट के लिए गुलसन झा के साथ 36 गेंदों में 73 रन की ताबड़तोड़ साझेदरी की।
दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। गुलसन झा ने भी 17 गेंदों में नाबाद 24 रन की अहम पारी खेली और टीम को आखिरी ओवर में जीत दिला दी।
स्कॉटलैंड के लिए गेंदबाजी में माइकल लीस्क ही एकमात्र गेंदबाज 3 विकेट हासिल कर पाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह नेपाल ने 7 विकेट से मुकाबला जीतकर टी20 वर्ल्ड कप में में 12 साल बाद जीत का स्वाद चखा। इससे पहले नेपाल ने इस टूर्नामेंट में आखिरी जीत 2014 में अफगानिस्तान के खिलाफ दर्ज की थी।