1 सितंबर,नई दिल्ली। रॉस टेलर (48) और कॉलिन डी ग्रैंडहोम (44) की धमाकेदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच में मेजबान श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही कीवी टीम ने तीन मैचों में 1-0 की बढ़त बना ली है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। मेजबान टीम के लिए ओपनिंग बल्लेबाज कुशल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 79 रन की पारी खेली। 53 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के जड़े। उनके अलावा निरोशनल डिकवेला ने 33 रन बनाए।
न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने 2 विकेट और मिचेल सैंटनर ने 1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरूआत खराब रही और टॉप 3 बल्लेबाज सिर्फ 39 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ग्रैंडहोम और टेलर ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। ग्रैंडहोम ने 28 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन, वहीं टेलर ने 29 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। जिसके चलते कीवी टीम ने 19.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर जीत का 175 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
टेलर को उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
श्रीलंका के लिए कप्तान लसिथ मलिंगा और वानिडु हसरंगा ने 2-2 विकेट और अकिला धनंजया ने एक विकेट अपने खाते में डाला।