Nitish Kumar Reddy Ruled Out of IRE vs IND T20 Series: भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से दो मैचों की टी20 सीरीज (IRE vs IND T20) का आगाज होगा जिससे पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भारत के युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) चोटिल होने के कारण आयरलैंड में होने वाली टी20 सीरीज से पूरी तरह बाहर हो गए हैं।
खबरों के अनुसार NKR क्वाड्रिसेप्स इंजरी से पीड़ित हैं। उनकी एमआरआई में बाएं क्वाड्रिसेप्स में सूजन और फाइबर टूटने जैसी समस्या दिखी हैं। यही वज़ह है उन्हें जांच के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI के COE में रिपोर्ट करने को कहा गया है। बताते चलें कि नितीश कुमार रेड्डी इस चोट के कारण इंग्लैंड टूर से भी बाहर हो सकते हैं क्योंकि उन्हें अपनी इंजरी से ठीक होने में कम से कम 3 से 4 हफ्ते का समय लगने वाला है।
याद दिला दें कि 23 साल के नितीश हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घर पर खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी संघर्ष करते दिखे थे। उन्हें जांघ में दर्द की समस्या हुई थी जिस वज़ह से उन्होंने दूसरा वनडे मुकाबला मिस किया था। उन्होंने अपने छोटे करियर में चोटिल होने के कारण कई मौके खोए हैं। हालांकि इसके बावजूद वो देश के लिए अब तक 10 टेस्ट, 6 वनडे और 4 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं। भारतीय चयनकर्ता उन्हें हार्दिक पांड्या के बैकअप के तौर पर देखते हैं।
ध्यान दें कि बीसीसीआई ने नितीश कुमार रेड्डी की चोट और उनके भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज से बाहर होने पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। खबरों के अनुसार उनकी रिप्लेसमेंट के तौर पर सुर्यांश शेडगे को टी20 टीम में चुनने की संभावना है। ये भी जान लीजिए कि भारतीय दिग्गज स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी चोटिल होने के कारण आयरलैंड टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं जिसका आधिकारिक बयान भी आमने आ गया है।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
26 जून 2026 – पहला टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)
28 जून 2026 – दूसरा टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)