दुबई, 15 जुलाई (CRICKETNMORE)| अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वर्ल्ड कप-2019 के बाद अपनी वर्ल्ड इलेवन में रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह के रूप में दो भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया है। न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन इस टीम के कप्तान हैं। भारतीय टीम वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारकर बाहर हो गई थी। लेकिन रोहित, टूर्नामेंट के सर्वोच्च स्कोरर रहे थे और उन्होंने 648 रन बनाए थे। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में पांच शतक भी जड़े थे, जो किसी भी एक वर्ल्ड कप में लगाया गया सर्वाधिक शतक था।
रोहित के अलावा वनडे रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज बुमराह भी आईसीसी वर्ल्ड कप इलेवन में जगह पाने में सफल रहे हैं। बुमराह ने इस वर्ल्ड कप में 18 विकेट चटकाए थे।
आईसीसी ने अपनी वर्ल्ड कप इलेवन टीम की कमान न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन को सौंपी हैं। विलियम्सन की कप्तानी में कीवी टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची, जहां उसे मेजबान इंग्लैंड के हाथों करीबी हार का सामना करना पड़ा। विलियम्सन ने इस वर्ल्ड कप में 578 रन बनाए थे।
विलियम्सन के अलावा न्यूजीलैंड के ही लॉकी फग्र्यूसन और ट्रेंट बाउल्ट भी आईसीसी की इस टीम में अपनी जगह पाने में सफल रहे हैं। दोनों ने टूर्नामेंट में क्रमश : 21 और 17 विकेट अपने नाम किए थे।
इसके अलावा 44 साल में पहली बार वर्ल्ड कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम के चार खिलाड़ियों जैसन रॉय, जोए रूट, बेन स्टोक्स और जोफरा आर्चर को आईसीसी वर्ल्ड इलेवन में मौका दिया गया है।
आर्चर ने टूर्नामेंट में 20 जबकि वोक्स ने 16 विकेट हासिल किए थे। वहीं, रॉय ने 443 और रूट ने 556 रन बनाए थे।
भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के अलावा आस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एलेक्स कैरी और मिशेल स्टार्क तथा बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन को भी इस वर्ल्ड इलेवन टीम के लिए चुना गया है।
कैरी ने इस वर्ल्ड कप में 375 रन बनाए थे जबकि स्टार्क ने सर्वाधिक 27 विकेट हासिल किए थे। वहीं, शाकिब ने 11 विकेट लेने के अलावा 606 रन भी बनाए थे।