इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने हाल ही में उस बल्लेबाज का नाम बताया, जिसके खिलाफ आईपीएल में गेंदबाजी करना उन्हें सबसे ज्यादा मुश्किल लगता है। हैरानी की बात यह रही कि आर्चर ने न तो विराट कोहली और न ही रोहित शर्मा का नाम लिया।
इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने एक दिलचस्प खुलासा किया है। लंबे समय से IPL में खेल रहे आर्चर ने बताया कि उनके आईपीएल करियर में सबसे मुश्किल बल्लेबाज कौन रहा है। खास बात यह रही कि उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का नाम नहीं लिया।
आर्चर के मुताबिक, भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल अपने IPL करियर के शुरुआती वर्षों में गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थे। इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज का मानना है कि उस समय राहुल अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर में थे और मैदान के किसी भी हिस्से में शॉट खेलने की क्षमता रखते थे।
कार्लोस ब्रेथवेट के साथ 'द सुपर ओवर शो' में बातचीत के दौरान जब आर्चर से उनके करियर के सबसे मुश्किल बल्लेबाज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना ज्यादा सोचे केएल राहुल का नाम लिया। आर्चर ने कहा, "शायद IPL के उनके शुरुआती वर्षों में केएल राहुल। उस समय वह अपने करियर के शिखर पर थे और ऐसा लगता था कि वह किसी भी गेंद को मैदान के किसी भी हिस्से में मार सकते हैं। उन्हें गेंदबाजी करना वास्तव में काफी मुश्किल था।"
अगर केएल राहुल के आईपीएल आंकड़ों की बीत करें तो उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उनके नाम 159 मैचों में 5815 रन दर्ज हैं। इस दौरान उनका औसत 46.15 और स्ट्राइक रेट 139.14 का रहा है।