Women's Asia Cup 2026 Semi Final 2: महिला एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान (Pakistan Women) को श्रीलंका (Sri Lanka Women) के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसे श्रीलंका ने 8 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया और फाइनल में जगह बना ली।

Advertisement

महिला एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार (11 सितंबर) को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 130 रन बनाए।

टीम के लिए छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान फातिमा सना ने 36 गेंदों में 47 रन बनाए और पाकिस्तान की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेली। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज शावाल जुल्फिकार ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि तीसेर नंबर की बल्लेबाज गुल फिरोजा ने 32 गेंदों में 21 रन जोड़े।

श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में कप्तान चमारी अट्टापट्टु और चामुदी प्रबोदा ने 2-2 विकेट हासिल किए। सुगंधिका कुमारी को भी 1 सफलता मिली।

131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम ने महज 6.2 ओवर में 33 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। ऐसे में श्रीलंका पर दबाव बढ़ गया था और पाकिस्तान मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था।

इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 59 गेंदों में 67 रन की अहम साझेदारी की और श्रीलंका को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। हर्षिता समरविक्रमा ने 31 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि कविशा दिलहारी ने 33 गेंदों में 33 रन की उपयोगी पारी खेली। 

इसके बाद आखिरी ओवरों में नीलाक्षिका सिल्वा ने फिनिशिंग पारी खेलते हुए सिर्फ 10 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए और श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पाकिस्तान की तरफ से कप्तान फातिमा सना ने गेंदबाजी में 4 विकेट अपने नाम किए। उम्म-ए-हानी और सादिया इकबाल को 1-1 सफलता मिली।

Also Read: LIVE Cricket Score

इस तरह डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली। अब खिताबी मुकाबले में श्रीलंका का सामना रविवार (13 सितंबर) को भारत से होगा।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार