लीड्स, 29 जून (CRICKETNMORE)| पाकिस्तान ने आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद को शनिवार को किसी तरह बचा लिया। उसने अफगानिस्तान के खिलाफ हेंडिंग्ले मैदान पर खेले गए बेहद रोमांचक मैच में तीन विकेट से जीत हासिल की। 

Advertisement

अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 228 रनों का लक्ष्य रखा था। अफगानी स्पिन तिगड़ी- मुजीब उर रहमान (2 विकेट), मोहम्मद नबी (2 विकेट) और राशिद खान (1 विकेट) ने उसे यहां तक पहुंचने के लिए पसीना छुड़ा दिया लेकिन इमाद वसीम (नाबाद 49) की संघर्षपूर्ण पारी के कारण वह दो गेंद पहले सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करने में सफल रही। 

Advertisement

इस जीत से पाकिस्तान की सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदें बची हुई हैं। इसके लिए उसे बस बांग्लादेश के खिलाफ पांच जुलाई को खेले जाने वाले मैच में जीत हासिल करनी होगी। अफगानिस्तान के खिलाफ इस रोमांचक जीत ने पाकिस्तान को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया है। आठ मैचों में चार जीत और तीन हार के साथ 1992 की वर्ल्ड विजेता के नौ अंक हो गए हैं। 

इमाद ने 54 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए। उन्होंने गेंदबाजी भी अच्छी की थी और 10 ओवरों में 48 रन देकर दो विकेट लिए थे। चौका लगाकर टीम की जीत दिलाने वाले इमाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

पाकिस्तान के लिए जीत असान नहीं रही। मुजीब ने पारी की दूसरी ही गेंद पर फखर जमां को आउट कर पाकिस्तान का खाता खुलने से पहले ही उसे एक झटका दे दिया। बाबर आजम (45) और इमाम उल हक (36) ने टीम को शुरुआती झटके से उबारते हुए स्कोरबोर्ड पर 72 रन टांग दिए। 

 

नबी ने इमाम को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। 81 के कुल स्कोर पर नबी ने आजम को भी बोल्ड कर पाकिस्तान को दबाव में ला दिया। 

Advertisement

हैरिस सोहेल (27) और मोहम्मद हफीज (19) ने पाकिस्तान पर से दबाव हटाया, लेकिन मुजीब ने हफीज की पारी का अंत कर पाकिस्तान को परेशान किया। 142 के कुल स्कोर पर राशिद ने सोहेल को भी पवेलियन भेज दिया। 

सरफराज अहमद (18) रन लेने के कारण रनआउट हो गए और उनके जाने के बाद पाकिस्तान का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 156 रन हो गया

अफगानिस्तान मैच में वापस आ गई थी। एक छोर को फिर इमाद ने संभाला और शादाब खान (11) ने उनका अच्छा साथ दिया। लेकिन कुछ अच्छा होता उससे पहले शादाब भी रन आउट हो गए। यहां टीम स्कोर 46.4 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 206 था। 

Advertisement

12 गेंदों पर पाकिस्तान को 16 रनों की जरूरत थी। वहाब रियाज ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का मार पाकिस्तान पर से दबाव हटाया। इस ओवर में कुल 10 रन आए। 

आखिरी ओवर में छह गेंदों पर पर छह रन चाहिए थे। पहली दो गेंदों पर दो रन आ गए। तीसरी गेंद पर गेंदबाजी कर कर रहे अफगानिस्तान के कप्तान गुलबदीन नैब के पास इमाद को आउट करने का मौका था लेकिन वो गेंद पकड़ नहीं पाए और इमाद ने अगली गेंद पर चौका मार कर पाकिस्तान को जीत दिलाई। 

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली अफगानिस्तान के लिए शुरुआत में 200 के पार जाना मुश्किल लग रहा था लेकिन उसने पूरे 50 ओवर खेले और नौ विकेट खोकर 227 रन बनाए। 

Advertisement

शाहीन अफरीदी ने एक बार फिर बेहतरीन गेंदबाजी की और 10 ओवरों में 47 रन देकर चार विकेट लिए। इमाद ने दो सफलताएं अर्जित कीं। रियाज ने आठ ओवरों में 29 रन खर्च कर दो विकेट लिए। शादाब को एक विकेट मिला। मोहम्मद आमिर और हफीज हालांकि विकेट नहीं ले पाए। 

अफगानी कप्तान गुलबदीन तेजी से रन बनाने की जुगत में थे लेकिन अफरीदी ने पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर उनकी 15 रनों की पारी का अंत कर दिया जिसमें तीन चौके शामिल थे। अगली ही गेंद पर अफरीदी ने हसमातुल्लाह शाहिदी को बिना खाता खोले पवेलियन भेज अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 27 रन कर दिया। 

दूसरे सलामी बल्लेबाज रहमत शाह सही बल्लेबाजी कर रहे थे। वह हालांकि इमाद की फिरकी में फंस कर 57 के कुल स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 43 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 35 रन बनाए हैं। 

Advertisement

इकराम अली खिल इस मैच में ऊपर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने असगर अफगानी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। असगर अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे। उन्होंने लेग स्पिनर शादाब पर बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन बोल्ड हो गए। यहां टीम का स्कोर 121 था। चार रन बाद इमाद ने इकराम की 24 रनों की पारी का अंत पर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया। 

मध्य के ओवरों में गेंद थामने वाले रियाज ने नबी (16) को आउट कर अफगानिस्तान को एक और बड़ा झटका दिया। नबी का विकेट 167 के कुल स्कोर पर गिरा। 

नाजीबुल्लाह जादरान ने अंत में संघर्ष किया। वह भी हालांकि अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए और अफरीदी ने 202 के कुल स्कोर पर उनको पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 54 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 42 रन बनाए। 

Advertisement

राशिद खान (6) और हामिद हसन (1) जल्दी आउट हो गए। सामिउल्लह शेनवारी ने नाबाद 19 रन बना अफगानिस्तान को 227 का स्कोर दिया। उनके साथ मुजीब उर रहमान सात रन बनाकर नाबाद लौटे।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार