अबू धाबी, 29 सितम्बर (CRICKETNMORE): पाकिस्तान की टी-20 टीम के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई हालिया टी-20 श्रृंखला में पाकिस्तान टीम उनसे हर क्षेत्र में बेहतर थी। पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला में 3-0 से करारी शिकस्त दी थी।
एक न्यूज एजेंसी ने सरफराज के हवाले से लिखा है, "हमने कभी नहीं सोचा था कि हम 3-0 से श्रृंखला जीतेंगे। वह विश्व विजेता टीम है। वह काफी मजबूत और चतुर टीम भी है।"
सरफराज ने कहा, "मेरी टीम ने जिस तरह से मेहनत की मैं उसके लिए उनकी तारीफ करता हूं। उमस के अलावा कई और कारण होने के बावजूद खिलाड़ियों ने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया। अगर आप मैदान पर देखेंगे को हमारी टीम उनसे बेहतर थी।"
उन्होंने कहा, "हमने फील्डिंग अच्छी की, गेंदबाजी अच्छी की और कुछ अच्छे कैच भी पकड़े। इसलिए श्रेय पूरी टीम को जाता है।"