IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान मंगलवार (1 सितंबर) को हुआ। इस टीम में संजू सैमसन की वापसी हुई है, जबकि विकेटकीपिंग के लिए ईशान किशन और संजू सैमसन को प्राथमिकता मिली है। वहीं, जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टी20 टीम का हिस्सा रहे युवा विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) को इस बार टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि टीम का ऐलान होने के कुछ ही घंटों बाद प्रभसिमरन ने ऐसी पारी खेली, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।
26 साल के प्रभसिमरन सिंह को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें किसी भी मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला। उम्मीद थी कि अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में होने वाली इस सीरीज में उन्हें मौका मिल सकता है, लेकिन इस बार टीम में उनकी जगह नहीं बन सकी।
हालांकि, टीम से बाहर किए जाने के कुछ ही घंटों बाद प्रभसिमरन ने बल्ले से तहलका मचा दिया। पंजाब के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 (Sher-E-Punjab T20 Cup 2026) में जालंधर वॉरियर्स की तरफ से खेलते हुए अमृतसर सूरमाज के खिलाफ तूफानी शतक जड़ दिया।
मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में प्रभसिमरन ने महज 47 गेंदों पर नाबाद 125 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके और 8 छक्के निकले। यानी उन्होंने अपनी पारी में सिर्फ बाउंड्री के दम पर ही 104 रन बटोर दिए। प्रभसिमरन ने अपनी सेंचुरी महज 41 गेंदों में पूरी की, जिससे उनकी पारी की रफ्तार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जालंधर वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 264 रन का बड़ा लक्ष्य था, लेकिन प्रभसिमरन की तूफानी बल्लेबाजी ने इस लक्ष्य को भी छोटा साबित कर दिया। उनकी शानदार पारी की बदौलत जालंधर वॉरियर्स ने सिर्फ 16.2 ओवर में 2 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।