IND-W vs ZIM-W 2nd T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा खिलाड़ी निकी प्रसाद (Niki Prasad) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इतिहास रच दिया। 20 साल की निकी ने अपने इंटरनेशनल करियर के दूसरे ही मैच में गेंद से ऐसा कमाल किया, जो इससे पहले कोई भारतीय महिला क्रिकेटर नहीं कर पाई थी।

रविवार (18 अक्टूबर) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की पारी के 15वें ओवर में निकी प्रसाद को पहली बार गेंदबाजी करने का मौका मिला। उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर चिपाओ मुगेरी-तिरिपानो को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद क्रीज पर आईं नई बल्लेबाज न्याशा ग्वानजुरा को निकी ने अगली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया।

VIDEO:

इस तरह निकी ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली दो गेंदों पर दो विकेट हासिल कर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बन गईं। वहीं, पूरी दुनिया में यह कारनामा करने वाली वह चौथी महिला क्रिकेटर हैं। उनसे पहले साउथ अफ्रीका की क्लो ट्रायोन, अमेरिका की अक्षता राव और सुहानी टंडानी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

निकी प्रसाद के नाम एक और खास रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। वह अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाली पहली एशियाई महिला क्रिकेटर बनीं। उन्होंने इस मुकाबले में कुल दो ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ सात रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

Also Read: LIVE Cricket Score

मैच के नतीजे की बात करें तो इस मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया। जिम्बाब्वे से मिले 103 रन के लक्ष्य को भारत ने शेफाली वर्मा (25 गेंदों में 55) और स्मृति मंधाना (25 गेंदों में नाबाद 47) की तूफानी पारियों के दम पर महज 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। वहीं इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार