अफगानी क्रिकेटर कै़स अहमद (Qais Ahmad) अपनी स्पिन गेंदबाज़ी के लिए जाने जाते हैं। वो बल्लेबाज़ी की काबिलियत भी रखते हैं और उन्होंने शारजाह टेस्ट के पांचवें दिन ये साबित किया। उन्होंने बांग्लादेश के सामने One-off टेस्ट के पांचवें दिन शानदार बल्लेबाज़ी की और 80 गेंदों पर 6 चौके 3 छक्के लगाकर नाबाद 49 रन बनाए। इसी बीच उन्हें किस्मत से भी पूरा साथ मिला और वो बाल-बाल आउट होने से बच गए।
नईम हसन ने बांग्लादेश के पैर पर मारी कुल्हाड़ी: ये घटना अफगानिस्तान की पारी के 122वें ओवर में घटी। बांग्लादेश के लिए स्पिनर नईम हसन गेंदबाज़ी करने आए थे। उनकी पहली गेंद पर क़ैस अहमद ने डिफेंसिव शॉट खेला और फिर रन लेने के लिए दौड़ लगा दी। उन्होंने एक रन आसानी से पूरा किया, लेकिन इसके बाद वो दूसरे रन के लिए भी दौड़ गए।
ये एक रिस्की रन था, जिसके लिए उनके साथी खिलाड़ी यामिन तैयार नहीं थे। ऐसे में बांग्लादेश के पास कै़स को रन आउट करने के लिए सुनहरा मौका आ गया। शांतो ने डाइव करके गेंद को रोका और सीधा बॉलर एंड पर थ्रो किया। यहां नईम हसन के पास गेंद पकड़कर कै़स को रन आउट करने का आसान मौका था, लेकिन उनसे जल्दबाज़ी में गलती हुई और उन्होंने थ्रो मिस कर दिया।
तो ऐसे एक समय नईम ने ना चाहते हुए भी अपनी टीम का भारी नुकसान करा दिया, वहीं दूसरी तरफ कै़स को उनकी किस्मत की वज़ह से बड़ा मौका मिल गया। ध्यान दें कि यहां कै़स 8 रन के निजी स्कोर पर आउट हो सकते थे। जीवनदान मिलने के बाद उन्होंने दिन की आखिरी गेंद तक बल्लेबाज़ी की और 80 गेंदों पर नाबाद 49 रन जोड़े। उन्होंने ये मुकाबला ड्रॉ करने में अहम भूमिका निभाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी 372/7 के स्कोर पर घोषित की थी। उन्होंने अफगानिस्तान को जीत के लिए 479 रनों का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में अफगानी टीम ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट खोकर 346 रन बनाए। तो ऐसे ये मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ।