साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock Retirement) ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 29 साल के डी कॉक ने अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए यह बड़ा फैसला लिया है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
भारत के खिलाफ सेंचुरियन में खेला गया टेस्ट इस फॉर्मेट में डी कॉक का आखिरी मुकाबला था। डी कॉक ने पहले टेस्ट में पहली पारी में 34 रन औऱ दूसरी पारी में 21 रन बनाए, इसके अलावा छह कैच भी पकड़े। बता दें कि पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 113 रनों से हार का सामना करना प़ड़ा
डी कॉक ने कहा, " यह कोई ऐसा फैसला नहीं है, जिस पर बहुत आसानी से आ गया हूं। मैंने यह सोचने में बहुत वक्त लिया कि मेरा भविष्य कैसा होगा, और अब मेरे जीवन में क्या प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं और साशा इस दुनिया में अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं और अपने परिवार को इससे आगे बढ़ाना चाहते हैं। मेरा परिवार मेरे लिए सबकुछ है औऱ मैं अपने जीवन के इस नए और रोमांचक अध्याय के दौरान उनके साथ रहने के लिए समय चाहता हूं।”
डी कॉक ने कहा कि वह साउथ अफ्रीका के लिए लिमिटेड ओवर क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
डी कॉक ने फरवरी 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ में टेस्ट डेब्यू किया था। डी कॉक ने अपने टेस्ट करियर में 54 मुकाबले खेले और 38.82 की औसत से 3300 रन बनाए, जिसमें छह शतक औऱ 22 अर्धशतक शामिल हैं। बतौर विकेटकीपर डी कॉक ने 232 शिकार किए, जिसमें 221 कैच और 11 स्टम्पिंग शामिल हैं।
डी कॉक कई साल तक टेस्ट टीम के उप-कप्तान रहे। फाफ डु प्लेसिस के कप्तान छोड़ने के बाद वह दिसंबर 2020 से फरवरी 2021 तक साउथ अफ्रीका टेस्ट टीम के कप्तान भी रहे। श्रीलंका औऱ पाकिस्तान के खिलाफ 4 टेस्ट में टीम की कप्तानी की। डी कॉक स्थाई तौर पर यह जिम्मेदारी नहीं संभालना चाहते थे, जिसके बाद डीन एल्गर को टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया।