Quinton de Kock Record: साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज़ क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) ने बुधवार, 11 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 13वें मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अर्धशतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया। गौरतलब है कि उन्होंने कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में क्विंटन डी कॉक ने 41 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्के ठोककर 59 रन बनाए। इसी के साथ अब वो एबी डी विलियर्स की बराबरी करके साउथ अफ्रीका के लिए टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त रूप से सर्वाधिक फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने 5वीं बार ये कारनामा करके डी विलियर्स की बराबरी की है।
साउथ अफ्रीका के लिए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर
- एबी डी विलियर्स - 05
- क्विंटन डी कॉक - 05
- एडेन मार्कराम - 04
इसके अलावा क्विंटन डी कॉक ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 300 चौके पूरे कर लिए हैं और वो इतिहास रचते हुए ऐसा करने वाले पहले साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने 104 मैचों में 301 चौके ठोककर ये कारनामा किया है। बता दें कि दुनिया के कुल 09 ही खिलाड़ियों ने T20I में 300 या उससे ज्याद चौके लगाए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर पाकिस्तान के बाबर आज़म हैं, जिनके नाम 141 मैचों में 475 चौके दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
खास बात ये भी है कि अफगानिस्तान के खिलाफ क्विंटन डी कॉक ने रयान रिकेल्टन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी की। ये T20 WC में साउथ अफ्रीका के दो बल्लेबाज़ों के बीच हुई तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। बताते चलें कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर क्विंटन डी कॉक और राइली रूसो की जोड़ी है जिन्होंने साल 2022 के वर्ल्ड कप में सिडनी के मैदान पर बांग्लादेश के सामने 168 रन जोड़े थे।