इंडियन टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराकर चैंपियन का टाइटल जीता है। इसी के साथ अब टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) का सफर भी टीम के साथ खत्म हो चुका है। इंडियन ड्रेसिंग रूम में राहुल द्रविड़ ने अपनी आखिरी स्पीच भी दे दी है जिसमें उन्होंने कैप्टन रोहित शर्मा को खासतौर पर धन्यवाद कहा।
मुझे कॉल करने के लिए धन्यवाद रोहित
आपको बता दें कि कोच राहुल द्रविड़ ने हिटमैन को खासतौर पर धन्यवाद किया इसके पीछे एक बड़ी वजह है। दरअसल, साल 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में जब इंडियन टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से घर पर हार का सामना करना पड़ा था तब सिर्फ टीम ही नहीं, बल्कि कोच राहुल द्रविड़ भी पूरी तरह से टूट गए थे।
आलम ये था कि इंडियन टीम की वॉल कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ इंडियन टीम को चैंपियन बनता देखने से पहले ही टीम का साथ छोड़ने का मन बना चुके थे। वो हेड कोच के पद से इस्तीफा देने वाले थे, लेकिन तब हिटमैन ही वॉल का सहारा बन गए।
रोहित शर्मा ने खुद कोच राहुल द्रविड़ को कॉल किया और उन्हें इस्तीफा देने से मना करते हुए इंडिया का हेड कोच बने रहने के लिए समझाया। कैप्टन के शब्द सुनकर वॉल राहुल द्रविड़ में भी हिम्मत आई और वो रोहित शर्मा की बात मान गए। इस एक फोन कॉल का ये परिणाम निकलकर आया कि सात महीने के अंदर इंडिया ने बारबाडोस में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर 7 विकेट से मैच जीता और चैंपियन का टाइटल अपने नाम कर लिया।
राहुल द्रविड़ भारत के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन वो बतौर खिलाड़ी कभी भी टीम इंडिया को चैंपियन बनता नहीं देख पाए। अगर रोहित शर्मा कोच राहुल द्रविड़ को कॉल करके अपने पद पर बने रहने के लिए नहीं समझाते तो ये हो सकता था कि राहुल द्रविड़ बतौर कोच भी ऐसा करने से पहले ही इस्तीफा दे देते, लेकिन हिटमैन ने ऐसा नहीं होने दिया। यही वजह है राहुल द्रविड़ ने रोहित को जाते-जाते खासतौर पर धन्यवाद कहा।