T20 World Cup 2026, New Zealand vs Pakistan: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द करना पड़ा।
शनिवार (21 फरवरी) को सुपर-8 चरण का आगाज़ इस मुकाबले से होना था। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया था, लेकिन मौसम ने सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया। लगातार बारिश के कारण मैच तय समय पर शुरू ही नहीं हो सका।
मैच को शुरु करने के लिए अंतिम समय 10 बजकर 18 मिनट था, लेकिन मौसम के हालात ऐसे थे कि अंपायरों को काफी इंतजार के बाद मुकाबला रद्द घोषित करना पड़ा। सुपर-8 चरण में किसी भी मैच के लिए रिजर्व डे का प्रावधान नहीं है। नियमों के अनुसार परिणाम के लिए कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी होता है, जो यहां संभव नहीं हो पाया।
आईसीसी के नियम के मुताबिक, जब कोई मुकाबला बिना नतीजे के समाप्त होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए जाते हैं। ऐसे में न तो किसी टीम को जीत का फायदा मिला और न ही नेट रन रेट पर कोई असर पड़ा।
सुपर-8 में कुल 8 टीमें दो ग्रुप में बंटी हैं और हर टीम को तीन-तीन मैच खेलने हैं। एक ग्रुप में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे शामिल हैं, जबकि दूसरे ग्रुप में न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, ऐसे में हर अंक बेहद अहम रहने वाला है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह सुपर-8 का आगाज़ बिना क्रिकेट खेले ही हो गया, और अब दोनों टीमों की नजर अगले मुकाबले पर होगी जहां जीत बेहद जरूरी होगी।
अगर दोनों टीमों के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक के प्रदर्शन पर नज़र डालें, तो पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में खेले गए चार मैचों में से तीन में जीत दर्ज कर यहां तक का सफर तय किया है। वहीं न्यूजीलैंड ने भी चार में से तीन मुकाबले अपने नाम किए और सुपर 8 चरण में जगह बनाई।