Rashid Khan Picks Best Finisher: क्रिकेट में फिनिशर की बात हो और भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है। लेकिन जब धोनी के साथ साउथ अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen), भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और शिवम दुबे (Shivam Dube) जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को रखकर सवाल पूछा गया, तो मामला दिलचस्प हो गया। अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान ने इन चारों में से एक खिलाड़ी को चुना और बताया कि आखिरी ओवरों में वह किस बल्लेबाज पर सबसे ज्यादा भरोसा करेंगे।
दरअसल, पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मौजूदा हिंदी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा के साथ एक हालिया पॉडकास्ट में राशिद से पूछा गया कि पारी के आखिरी ओवरों में फिनिशर की भूमिका के लिए वह इन चारों में से किस बल्लेबाज पर भरोसा करेंगे।
राशिद खान ने इस सवाल का जवाब देते हुए किसी तरह की उलझन नहीं दिखाई और सीधे एमएस धोनी का नाम ले दिया। राशिद के मुताबिक, यॉर्कर और लो फुलटॉस जैसी गेंदों को जिस अंदाज में धोनी बाउंड्री के बाहर भेजते थे, उसमें उनका कोई मुकाबला नहीं है।
राशिद ने कहा कि अगर आखिरी ओवरों में ऐसे बल्लेबाज की जरूरत है जो यॉर्कर और लो फुलटॉस को भी आसानी से छक्के में बदल सके, तो वह धोनी को ही चुनेंगे। उनके मुताबिक, इन गेंदों के खिलाफ धोनी जिस तरह बल्लेबाजी करते थे, वैसा करने वाला उन्हें कोई दूसरा बल्लेबाज नजर नहीं आता।
धोनी ने अपने करियर में कई बार आखिरी ओवरों में मैच का रुख पलटा है। भारत के लिए निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कई यादगार जीत दिलाईं, वहीं आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी धोनी कई बार ये काम कर चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
एमएस धोनी ने आईपीएल में अब तक 278 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 5439 रन दर्ज हैं। उन्होंने 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी के बल्ले से 24 अर्धशतक भी निकले हैं।